होशियारपुर, 19 मार्च (भाषा) पंजाब के होशियारपुर में बृहस्पतिवार को पंजाब रोडवेज की एक बस और एक वाणिज्यिक वाहन के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि 12 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना बद्धोआं गांव के पुल के पास होशियारपुर-चंडीगढ़ मार्ग पर हुई।
मृतक की पहचान चक फुल्लू गांव के निवासी खरक चंद के रूप में हुई है। उसके शव को गढ़शंकर के सिविल अस्पताल के शवगृह में रखा गया है।
पुलिस के अनुसार, वाणिज्यिक वाहन में एक ही परिवार के लगभग एक दर्जन लोग सवार थे।
उन्होंने बताया कि वह चब्बेवाल में एक धार्मिक समारोह में शामिल होने के बाद अपने पैतृक गांव लौट रहे थे। इसी दौरान वाहन विपरीत दिशा से आ रही पंजाब रोडवेज की बस से टकरा गया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस ने बताया कि सभी घायलों का माहिलपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उपचार किया जा रहा है तथा घटना की जांच जारी है।
इस बीच सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल और विधायक डॉ. इशांक कुमार चब्बेवाल ने घायलों का हालचाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन