जैसलमेर में सेना की जासूसी के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार: पुलिस

Ads

जैसलमेर में सेना की जासूसी के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार: पुलिस

  •  
  • Publish Date - September 25, 2025 / 09:05 PM IST,
    Updated On - September 25, 2025 / 09:05 PM IST

जयपुर, 25 सितंबर (भाषा) राजस्थान के जैसलमेर जिले में सेना की जासूसी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकरियों के अनुसार राजस्थान की अपराध अन्वेषण शाखा (सीआईडी-इंटेलिजेंस) ने जैसलमेर से हनीफ खान को गिरफ्तार किया है जिसपर आरोप है कि वह पैसों के लालच में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई को भारतीय सेना से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं भेज रहा था।

महानिरीक्षक (पुलिस सीआईडी -सुरक्षा) डॉ. विष्णुकांत ने बताया कि सीआईडी (इंटेलिजेंस) की टीम राज्य में जासूसी गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही थी, इसी दौरान उसे हनीफ खान (47) की गतिविधियां संदिग्ध लगीं।

विष्णुकांत ने बताया कि जांच में सामने आया कि वह सोशल मीडिया के जरिए लगातार पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के संपर्क में था।

महानिरीक्षक का कहना है कि हनीफ खान भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास बहला गांव का रहने वाला है जिससे उसका मोहनगढ़, घड़साना जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों आसानी से आना-जाना था। पूछताछ में पता चला कि वह महत्वपूर्ण सैन्य संस्थानों और सेना के ‘मूवमेंट’ की जानकारी रखता था। यहां तक कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भी वह पाकिस्तानी ‘हैंडलर’ के संपर्क में था और सेना की आवाजाही की जानकारी साझा कर रहा था।

विष्णुकांत ने बताया कि पूछताछ एवं मोबाइल तकनीकी जांच में यह भी साबित हुआ कि वह पैसों के बदले सेना की सामरिक जानकारी आईएसआई को दे रहा था। इन गंभीर आरोपों के पुख्ता सबूत मिलने के बाद सीआईडी इंटेलिजेंस ने शासकीय गोपनीयता अधिनियम 1923 के तहत मामला दर्ज कर आज हनीफ खान को गिरफ्तार कर लिया।

इस साल जैसलमेर से जासूसी के आरोप में यह चौथी गिरफ्तारी है।

भाषा पृथ्वी राजकुमार

राजकुमार