बिहार के सारण में संदिग्ध जहरीली शराब के सेवन से एक व्यक्ति की मौत

बिहार के सारण में संदिग्ध जहरीली शराब के सेवन से एक व्यक्ति की मौत

बिहार के सारण में संदिग्ध जहरीली शराब के सेवन से एक व्यक्ति की मौत
Modified Date: March 12, 2026 / 09:51 pm IST
Published Date: March 12, 2026 9:51 pm IST

छपरा (सारण), 12 मार्च (भाषा) बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद संदिग्ध जहरीली शराब से मौत का एक और मामला सामने आया है। सारण जिले में एक व्यक्ति की कथित रूप से संदिग्ध जहरीली शराब पीने के बाद मौत हो गई। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि पानापुर थाना क्षेत्र का निवासी बताए जा रहे उस व्यक्ति को तबीयत खराब के बाद पटना के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

जिलाधिकारी ने कहा, “मौत का सही कारण पोस्टमार्टम और विसरा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।”

उन्होंने बताया कि जिले में शराब की बिक्री और निर्माण पर रोक सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों ने निगरानी, एहतियाती उपाय तेज कर दिए हैं।

इस बीच जिले के मढ़ौरा अनुमंडल के मशरख इलाके में मंगलवार को एक अन्य व्यक्ति की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की सूचना है।

ग्रामीणों का दावा है कि पानापुर इलाके में बृहस्पतिवार को एक और व्यक्ति की मौत हुई है।

हालांकि जिलाधिकारी ने कहा कि फिलहाल प्रशासन केवल पानापुर की घटना को ही संज्ञान में ले रहा है, जिसके तहत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

उन्होंने कहा, “मशरख की घटना के संबंध में किसी व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की हमें कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है।”

उन्होंने यह भी बताया कि उस व्यक्ति के परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नीत बिहार सरकार ने राज्य में पांच अप्रैल 2016 से शराब की बिक्री, उपभोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया हुआ है।

भाषा कैलाश खारी

खारी


लेखक के बारे में