इम्फाल, 21 अप्रैल (भाषा) मणिपुर के थौबल जिले में मंगलवार को मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह के कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ रही भीड़ पर सुरक्षा बलों द्वारा कथित तौर पर गोलीबारी किए जाने से एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब मुख्यमंत्री वांगजिंग टेंथा में नवनिर्मित ब्लॉक विकास कार्यालय (बीडीओ) के उद्घाटन के लिए पहुंचे थे।
पुलिस के बयान के अनुसार, पत्थरों और गुलेल से लैस बड़ी संख्या में लोग “भवन में तोड़फोड़ करने के इरादे से” कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ रहे थे।
बयान में कहा गया, “पुलिस द्वारा बार-बार चेतावनी और अपील के बावजूद भीड़ आक्रामक रूप से आगे बढ़ती रही, जिससे सार्वजनिक संपत्ति, उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों और कानून-व्यवस्था को गंभीर खतरा पैदा हो गया।”
पुलिस ने बताया कि शुरुआत में न्यूनतम आवश्यक बल का प्रयोग किया गया और स्थिति बिगड़ने पर प्रोटोकॉल के तहत अंतिम विकल्प के रूप में नियंत्रित तरीके से गोलीबारी की गई।
इस दौरान हीरोक पार्ट-2 एलंगबाम लेइराक निवासी और वर्तमान में विलेज डिफेंस फोर्स के सदस्य एलंगबाम नंदबीर सिंह (40) घायल हो गए।
पुलिस के बयान में कहा गया, “स्थिति को बाद में नियंत्रण में ले लिया गया और सभी की सुरक्षा सुनिश्चित की गई।”
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री बाद में नजदीकी केंद्रीय बल शिविर गए और वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए इम्फाल लौटे।
इससे पहले दिन में थौबल जिले में प्रदर्शनकारियों ने वांगजिंग टेंथा जाने वाले मार्ग को अवरुद्ध कर दिया था। यह बंद सात अप्रैल को त्रोंग्लाओबी में दो बच्चों की मौत के विरोध में बुलाए गए पांच दिवसीय बंद के तहत किया गया था।
बीडीओ कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद सिंह ने कहा कि यह नयी सुविधा जमीनी स्तर पर प्रशासन को मजबूत करेगी और क्षेत्र में शासन व्यवस्था में सुधार लाएगी।
उन्होंने कहा, “नया कार्यालय पारदर्शिता, जवाबदेही और प्रशासनिक दक्षता को बढ़ाएगा, जिससे सार्वजनिक सेवाओं की बेहतर और समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित होगी।”
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार एक उत्तरदायी और परिणामोन्मुख प्रशासनिक तंत्र के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
भाषा
राखी नरेश
नरेश