जहांगीरपुरी में भीड़ के हमले में एक व्यक्ति की मौत, बचाने का प्रयास करते समय दो पुलिसकर्मी घायल

जहांगीरपुरी में भीड़ के हमले में एक व्यक्ति की मौत, बचाने का प्रयास करते समय दो पुलिसकर्मी घायल

जहांगीरपुरी में भीड़ के हमले में एक व्यक्ति की मौत, बचाने का प्रयास करते समय दो पुलिसकर्मी घायल
Modified Date: July 19, 2026 / 03:56 pm IST
Published Date: July 19, 2026 3:56 pm IST

नयी दिल्ली, 19 जुलाई (भाषा) उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में भीड़ ने चाकू से हमला कर 20 वर्षीय एक युवक की हत्या कर दी और उसे बचाने की कोशिश के दौरान दो पुलिस हेड कांस्टेबल घायल हो गए। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

घटना शनिवार रात करीब आठ बजे हुई। स्थानीय थाने की एक टीम को इलाके के बी. ब्लॉक में पीड़ित इरफान घायल हालत में मिला।

स्थानीय निवासी इरफान को बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, हेड कांस्टेबल कृष्ण और सोहन लाल काली माता मंदिर के पास गश्त कर रहे थे, इसी दौरान उन्होंने कुछ लोगों को इरफान की पिटाई करते हुए देखा और उसे बचाने के लिए तुरंत वहां पहुंचे।

अधिकारी ने कहा, “पुलिसकर्मियों ने इरफान को भीड़ से बाहर निकाल लिया और उसे सुरक्षित जगह ले जाने की कोशिश की। लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने पुलिसकर्मियों का पीछा किया, दोनों की पिटाई की और फिर इरफान पर दोबारा चाकू से हमला कर दिया।”

पुलिस ने बताया कि शनिवार को हुए इस हमले के मामले में तीन नाबालिगों और एक वयस्क को पकड़ा गया है।

भाषा

जोहेब दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में