दिल्ली के बुद्ध विहार में पानी से भरी बाल्टी में गिरने से एक वर्षीय बच्ची की मौत
दिल्ली के बुद्ध विहार में पानी से भरी बाल्टी में गिरने से एक वर्षीय बच्ची की मौत
नयी दिल्ली, एक अक्टूबर (भाषा) दिल्ली के बुद्घ विहार इलाके में एक वर्ष की बच्ची की पानी से भरी बाल्टी में गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार घटना 29 सितंबर को उस समय सामने आई जब जयपुर गोल्डन अस्पताल ने विजय विहार थाने को सूचित किया कि एक बच्ची को मृत अवस्था में लाया गया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि परिजनों के बयान के मुताबिक बच्ची दोपहर करीब 12 बजे घर पर पानी से भरी बाल्टी में गिर गई थी। बच्ची के शरीर पर किसी तरह की बाहरी चोट नहीं मिली।
एक अधिकारी ने बताया, ‘‘दुर्घटना उस समय हुई जब मां अपने जुड़वां बच्चों को बाथरूम में नहलाने लेकर गई। जब वह एक बच्ची के कपड़े उतार रही थी, तभी दूसरी बच्ची पानी से भरी बाल्टी में गिर गयी।’’
उन्होंने बताया कि जब महिला ने पलटकर देखा तो बच्ची को बाल्टी में अचेत पाया। बच्ची को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद बच्ची का शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
भाषा राखी नरेश
नरेश

Facebook


