एटा में दो पक्षों में हिंसक झड़प में एक युवक की मौत, सात अन्य घायल
एटा में दो पक्षों में हिंसक झड़प में एक युवक की मौत, सात अन्य घायल
एटा (उप्र), 31 अगस्त (भाषा) एटा जिले में कोतवाली देहात थानाक्षेत्र के एक गांव में एक भूखंड से भैंस निकालने को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प होने से एक युवक की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि रविवार शाम कोतवाली देहात थानाक्षेत्र के मिलावली गांव में भूखंड से गुजरने को लेकर कहासुनी, लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से एक दूसरे पर वार करने में बदल गई।
पुलिस के अनुसार मुकेश अपनी भैंस लेकर लौट रहे थे, तभी वह श्यामपाल के भूखंड से होकर गुजरे।
पुलिस का कहना है कि श्यामपाल की आपत्ति के बाद बहस शुरू हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई तथा इस झड़प में दोनों पक्षों से चार-चार लोग घायल हुए।
पुलिस के मुताबिक पहले पक्ष से श्यामपाल, हरेंद्र, लक्ष्मी और कमलेंद्र घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष से मुकेश, गोमा देवी, पुष्पा देवी और हीरालाल घायल हुए।
पुलिस के अनुसार सभी घायलों को एटा के वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया तथा चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल श्यामपाल (36) को उच्च चिकित्सा केंद्र ले जाने की सलाह दी लेकिन सोमवार तड़के करीब तीन बजे रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
श्यामपाल के भाई पुष्पेंद्र ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर उसके भाई की जान ले ली।
कोतवाली देहात के थाना प्रभारी के के लोधी ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
भाषा सं आनन्द राजकुमार
राजकुमार

Facebook


