नयी दिल्ली, 28 जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने 72 घंटे के वाहन चोरी विरोधी अभियान ‘ऑपरेशन चक्र’ के दौरान 25 कथित वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है और चोरी के 116 वाहन बरामद किए हैं। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पश्चिमी जिले की कई इकाइयों ने इस अभियान को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक, बरामद वाहनों में 113 दोपहिया, दो तिपहिया और एक चार पहिया वाहन शामिल हैं। कुल बरामदगी में से, 46 वाहन पश्चिमी जिले में दर्ज मामलों से जुड़े थे, जबकि 70 गाड़ियां अन्य जिलों के मामलों से जुड़ी थी।
इसने कहा कि गिरफ्तार किए गए लोगों में से कई आदतन अपराधी हैं और वे कई आपराधिक मामलों में शामिल होने के साथ बुरे चरित्र वाले व्यक्ति भी घोषित हैं।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने उन इलाकों की पहचान की जहां वाहन चोरी की ज्यादा वारदात होती हैं तथा संदिग्ध वाहनों की आवाजाही पर नजर रखी। इसी के साथ एक साथ कई जगह छापेमारी की।
भाषा नोमान नोमान नेत्रपाल
नेत्रपाल