चंडीगढ़, 28 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी के संगरूर स्थित कार्यालय पर कथित तौर पर पेट्रोल बम फेंकने के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संगरूर निवासी हैप्पी सिंह उर्फ हैप्पी और जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी के रूप में हुई है।
जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों को देसी बम फेंकने और घटना का वीडियो बनाने के लिए 2,200 रुपये दिए गए थे।
पुलिस ने बताया कि रविवार को संगरूर के उप्पली स्थित भाजपा कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंका गया था। इस घटना के बाद विपक्षी दल ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आरोप लगाया था कि अपराधियों का बढ़ता दुस्साहस आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की ‘पहचान’ बन गया है।
पुलिस ने बताया कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ था।
संगरूर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रवजोत ग्रेवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से राणा भाई नामक व्यक्ति के संपर्क में थे।
उन्होंने बताया कि राणा भाई ने आरोपियों को हमले को अंजाम देने के लिए बड़ी रकम देने का वादा किया था। इसमें से उसने दो किस्तों में 2,200 रुपये आरोपियों को भेजे, जिसमें 1,200 रुपये और 1,000 रुपये शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
अधिकारियों ने बताया कि राणा भाई के सोशल मीडिया खातों और यूपीआई लेनदेन की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, मानव और तकनीकी खुफिया जानकारी की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
भाजपा ने अपने कार्यालय पर हुए हमले की निंदा करते हुए पंजाब की आप सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर निशाना साधा था।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप