जिन सीटों पर भाजपा को जीत की उम्मीद, विपक्ष उन पर करे गठजोड़: उमर अब्दुल्ला

Ads

जिन सीटों पर भाजपा को जीत की उम्मीद, विपक्ष उन पर करे गठजोड़: उमर अब्दुल्ला

  •  
  • Publish Date - September 20, 2023 / 05:59 PM IST,
    Updated On - September 20, 2023 / 05:59 PM IST

जम्मू, 20 सितंबर (भाषा) नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को कहा कि विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ को उन सीटों पर गठजोड़ करना चाहिए जिन पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जीत की उम्मीद है।

उन्होंने यही सुझाव दिल्ली में हाल में हुई विपक्षी दलों की बैठक में भी दिया था जिससे पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) कथित रूप से नाराज़ हो गई है।

नेशनल कॉन्फ्रेंस का कश्मीर घाटी की सभी तीन लोकसभा सीटों पर कब्जा है जबकि जम्मू की दो और लद्दाख की एक सीट पर भाजपा का कब्जा है।

महबूबा मुफ्ती नीत पीडीपी नेशनल कॉन्फ्रेंस के साथ ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल है। उसने अब्दुल्ला के सुझाव पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। पीडीपी सूत्रों ने बताया है कि उनका नेतृत्व नेशनल कॉन्फ्रेंस के नज़रिये से खुश नहीं है।

सूत्रों ने बताया कि पीडीपी का मानना है कि यह उन्हें दरकिनार करने और जम्मू कश्मीर के विशेष राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए 2019 में गठित पीपुल्स अलायंस फॉर गुपकर डिक्लेरेशन को कमजोर करने का एक प्रयास है।

मगर अब्दुल्ला ने बुधवार को कहा कि वह अपने सुझाव को वापस नहीं लेंगे।

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री ने यहां पार्टी के एक कार्यक्रम के इतर पत्रकारों से कहा, “ क्या मुझे अपने विचार सामने नहीं रखने चाहिए? मैंने अपनी पार्टी का नज़रिया बताया था और यह मेरा हक है। मैंने किसी पर भी अपना नज़रिया थोपा नहीं है। मैंने बैठक से बहिर्गमन नहीं किया या बैठक का बहिष्कार नहीं किया है।”

वह ‘इंडिया’ गठबंधन की समन्वय समिति की पिछले हफ्ते दिल्ली में हुई पहली बैठक में सीट साझा करने के फॉर्मूले को लेकर उनकी टिप्पणी पर पीडीपी की कथित नाखुशी को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे।

नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष ने कहा, “ मैंने सिर्फ इतना कहा है कि जब आप सीट बंटवारे के बारे में बात कर रहे हैं, तो एक फॉर्मूला होना चाहिए… अगर हमारा लक्ष्य भाजपा को हराना है, तो हमें उन सीटों पर गठबंधन करना चाहिए जहां भाजपा को जीत की उम्मीद है। मुझे नहीं लगता कि भाजपा को कश्मीर से कोई सीट मिल रही है। मैंने केवल अपना दृष्टिकोण सामने रखा है।”

अब्दुल्ला ने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के उस बयान पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें तीसरे मोर्चे की गुंजाइश दिखती है। अब्दुल्ला ने कहा, “ मैं किसी तीसरे मोर्चे पर बोलना पसंद नहीं करूंगा। मैं ‘इंडिया’ गठबंधन पर बोलूंगा…ओवैसी अपना एकदलीय गठबंधन भी कर सकते हैं।”

भाषा नोमान नरेश

नरेश