हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बर्फबारी, सात-आठ अप्रैल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बर्फबारी, सात-आठ अप्रैल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
(फोटो के साथ)
शिमला, पांच अप्रैल (भाषा) हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रविवार को बर्फबारी हुई तथा मौसम विभाग ने सात और आठ अप्रैल के लिए राज्य में चार से पांच जिलों में ओलावृष्टि, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान शनिवार शाम से लाहौल-स्पीति जिले के गोंडला में सबसे अधिक 28.2 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। इसके बाद, केलांग में 20 सेंटीमीटर (सेमी), हंसा में पांच सेमी और कुकुमसेरी में 1.30 सेमी बर्फबारी दर्ज की गई।
राज्य के कई हिस्सों में बीते 24 घंटों के दौरान रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश भी हुई। सराहन में 23.5 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई, जबकि धर्मशाला और सुंदरनगर में 18.2 मिमी, मनाली में 17 मिमी, शिमला में 13.4 मिमी, कुकुमसेरी में 13.2 मिमी, कल्पा में 11 मिमी, पालमपुर में 10.6 मिमी और कसौली में 10 मिमी वर्षा हुई।
शिमला में शनिवार रात बारिश के बाद भारी ओलावृष्टि हुई। सुंदरनगर क्षेत्र में भी ओलावृष्टि हुई।
शिमला, सुंदरनगर, जुब्बरहट्टी, भुंतर, कांगड़ा, मुरारी देवी और जोत में गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं हुईं, जबकि सुंदरनगर में हल्का कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार, ताबो, नेरी और सियोबाग में 35 से 48 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।
शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार और बुधवार को राज्य के चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने, ओलावृष्टि, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
उत्तर-पश्चिम भारत में बुधवार से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने का अनुमान है। विभाग ने 11 अप्रैल तक राज्य में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है।
इस बीच, ताबो में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा।
प्री-मानसून सीजन (एक मार्च से पांच अप्रैल) के दौरान हिमाचल प्रदेश में 115.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य 123.5 मिमी से सात प्रतिशत कम है।
भाषा रवि कांत रवि कांत सुभाष
सुभाष

Facebook


