दिल्ली में मौसम का ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी; बारिश और बादलों की गरज के साथ बारिश के आसार

Ads

दिल्ली में मौसम का ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी; बारिश और बादलों की गरज के साथ बारिश के आसार

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 04:57 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 04:57 PM IST

नयी दिल्ली, पांच मई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहे और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बादलों की गरज के साथ मध्यम स्तर की बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की संभावना को लेकर कई हिस्सों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया।

नयी दिल्ली, मध्य दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, उत्तर पश्चिमी दिल्ली, बाहरी उत्तरी दिल्ली, उत्तर पूर्वी दिल्ली, शाहदरा और पूर्वी दिल्ली के साथ-साथ दक्षिण और दक्षिण पश्चिमी दिल्ली के कुछ हिस्सों के लिए अगले कुछ घंटों तक ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी रहेगा। यहां दिन के दौरान बारिश और बादलों की गरज तथा बिजली की चमक के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान है।

मौसम विभाग देश में मौसम संबंधी अलर्ट जारी करने के लिए चार रंगों का उपयोग करता है। ये रंग और इनके संदेश…. ग्रीन (किसी कार्रवाई की जरूरत नहीं), येलो (नजर रखें और निगरानी करते रहें), ऑरेंज (तैयार रहें) और रेड (कार्रवाई/सहायता की जरूरत) हैं।

मौसम विभाग ने दिल्ली के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि के आसार भी जताए हैं।

आईएमडी ने अधिकतम तापमान के 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है और दिन के दौरान बादलों की गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई है।

‘स्काईमेट वेदर’ के महेश पलावत ने कहा, ‘‘उत्तर भारत में हुई बारिश के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से काफी कम रहेगा। अगले एक-दो दिनों तक ऐसी ही स्थिति बने रहने की संभावना है, जिससे तापमान इस मौसम के सामान्य तापमान से कम रहेगा।’’

राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता में सुधार के साथ सुबह के समय वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 69 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

भाषा यासिर मनीषा

मनीषा