मिजोरम में 231 ग्राम से अधिक हेरोइन जब्त, तीन लोग गिरफ्तार

मिजोरम में 231 ग्राम से अधिक हेरोइन जब्त, तीन लोग गिरफ्तार

मिजोरम में 231 ग्राम से अधिक हेरोइन जब्त, तीन लोग गिरफ्तार
Modified Date: October 23, 2024 / 08:50 pm IST
Published Date: October 23, 2024 8:50 pm IST

आइजोल, 23 अक्टूबर (भाषा) मिजोरम में अलग-अलग मामलों में 231 ग्राम हेरोइन के साथ पुलिस ने एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि आबकारी और नारकोटिक्स विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को यंग मिजो एसोसिएशन (वाईएमए) के स्वयंसेवकों की सहायता से आइजोल के बाहरी इलाके में रंगवामुअल क्षेत्र से 59 ग्राम हेरोइन जब्त की और इस सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।

विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान रंगवामुअल निवासी लालरिनसांगजुआली (41) और आइजोल के वैवाकॉन क्षेत्र निवासी लालछन्हिमा (38) के रूप में हुई है।

उसी दिन एक अन्य अभियान में विभाग ने चंफाई जिले के त्लांगसम गांव में 172 ग्राम हेरोइन जब्त की और एक स्थानीय निवासी वनलालफेला (29) को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि तीनों व्यक्तियों के खिलाफ स्वापक औषधि और मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस)अधिनियम 1985 की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भाषा यासिर पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में