अगरतला, पांच सितंबर (भाषा) त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार ने पिछले सात वर्षों में 5,000 से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति की है।
शिक्षा विभाग का भी प्रभार संभाल रहे मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय शिक्षक दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा, ‘‘राज्य सरकार ने पिछले सात वर्षों के दौरान विभिन्न श्रेणियों में 19,800 कर्मचारियों की भर्ती की है, जिनमें से 5,215 शिक्षक हैं।’’
साहा ने कहा कि राज्य सरकार के कर्मचारियों और केंद्र सरकार के कर्मचारियों के बीच महंगाई भत्ते के अंतर को कम करने के लिए कदम उठाए गए हैं।
त्रिपुरा सरकार के कर्मचारियों को 33 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) मिलता है, जबकि केंद्र सरकार के कर्मचारियों को 55 प्रतिशत डीए मिलता है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैंने मुख्यमंत्री के रूप में अपने 29 महीने के कार्यकाल के दौरान सरकारी कर्मचारियों को 29 प्रतिशत महंगाई भत्ता जारी किया है। हम राज्य सरकार के कर्मचारियों और केंद्र सरकार के कर्मचारियों के बीच डीए में अंतर को कम करने की कोशिश कर रहे हैं। लंबित महंगाई भत्ता पाने के लिए प्रदर्शन करने की कोई आवश्यकता नहीं है।’’
उन्होंने कहा कि सरकार पूर्वोत्तर राज्य को शिक्षा का केंद्र बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला महाविद्यालय को छात्राओं के लिए पूर्ण राज्य विश्वविद्यालय बनाने के लिए पहल की गई है।
साहा ने कहा कि राज्य में एमबीबीएस सीट की संख्या 400 से बढ़ाकर 500 की जाएगी और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग इस योजना पर काम कर रहा है। वर्तमान में, राज्य के तीन मेडिकल कॉलेजों में 400 एमबीबीएस सीट हैं।
भाषा सुभाष दिलीप
दिलीप