नयी दिल्ली, छह अगस्त (भाषा) देश की सबसे बड़ी जीवन बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में शुद्ध लाभ 23 प्रतिशत बढ़कर 13,492 करोड़ रुपये हो गया।
वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में एलआईसी का शुद्ध लाभ 10,987 करोड़ रुपये था।
एलआईसी ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजारों को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 2,37,848 करोड़ रुपये हो गई, जो 2025-26 की समान अवधि में 2,22,864 करोड़ रुपये थी।
पहली वर्ष की प्रीमियम आय जून तिमाही में बढ़कर 9,217 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 7,525 करोड़ रुपये थी।
नवीकरण प्रीमियम से आय बढ़कर 61,833 करोड़ रुपये हो गई, जबकि एक वर्ष पहले यह 59,885 करोड़ रुपये थी।
जून तिमाही के दौरान एकल प्रीमियम से आय भी बढ़कर 56,369 करोड़ रुपये रही, जो वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में 51,923 करोड़ रुपये थी।
इसके परिणामस्वरूप कंपनी की शुद्ध प्रीमियम आय बढ़कर 1,27,250 करोड़ रुपये हो गई, जो एक वर्ष पहले की समान अवधि में 1,19,200 करोड़ रुपये थी।
हालांकि, कुल खर्च भी बढ़कर 2,25,573 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की जून तिमाही में 2,11,928 करोड़ रुपये था।
इस दौरान एलआईसी की बीमा दावों के निपटान की क्षमता यानी सॉल्वेंसी अनुपात सुधरकर 2.42 गुना हो गया, जो एक वर्ष पहले की समान तिमाही में 2.17 गुना था।
भाषा योगेश अजय
अजय