दिल्ली के एक करोड़ से अधिक मतदाताओं को एसआईआर प्रपत्र उपलब्ध कराये गये

Ads

दिल्ली के एक करोड़ से अधिक मतदाताओं को एसआईआर प्रपत्र उपलब्ध कराये गये

  •  
  • Publish Date - July 10, 2026 / 12:19 AM IST,
    Updated On - July 10, 2026 / 12:19 AM IST

नयी दिल्ली, नौ जुलाई (भाषा) दिल्ली के 1.45 करोड़ मतदाताओं में से एक करोड़ से अधिक मतदाताओं को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत गणना प्रपत्र उपलब्ध करा दिए गए हैं, जबकि अब तक 5.75 लाख से अधिक भरे हुए प्रपत्रों को डिजिटल रूप में दर्ज किया जा चुका है। बृहस्पतिवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी सामने आई है।

नौ जुलाई को जारी स्थिति रिपोर्ट के अनुसार, कुल 1,08,39,896 गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं।

डिजिटल रूप में दर्ज किए गए प्रपत्रों की संख्या 5,75,478 रही, जो कुल मतदाताओं का 3.97 प्रतिशत है। घर-घर जाकर गणना करने का अभियान 30 जून से शुरू हुआ था और यह 29 जुलाई तक जारी रहेगा।

अधिकारियों ने कहा है कि शुरुआती प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि गणना प्रपत्र हर पात्र मतदाता तक पहुंचें। इसके बाद भरे हुए प्रपत्रों को एकत्र करने और उन्हें डिजिटल रूप में दर्ज करने की प्रक्रिया में तेजी आएगी।

एसआईआर प्रक्रिया के तहत, बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) प्रत्येक मतदाता को गणना प्रपत्र की दो प्रतियां वितरित कर रहे हैं। एक प्रति मतदाता द्वारा पावती (रसीद) के रूप में अपने पास रखी जाती है, जबकि दूसरी प्रति भरने के बाद बीएलओ को दे दी जाती है।

निर्वाचन आयोग ने कहा है कि मतदाता अपने प्रपत्र ऑनलाइन भी जमा कर सकते हैं।

पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची सात अक्टूबर को प्रकाशित किए जाने की संभावना है।

भाषा देवेंद्र शोभना

शोभना