गुरुग्राम: दीपक नांदल गिरोह के चार बदमाश पुलिस मुठभेड़ में ढेर, एक घायल; तीन पुलिसकर्मी भी घायल

Ads

गुरुग्राम: दीपक नांदल गिरोह के चार बदमाश पुलिस मुठभेड़ में ढेर, एक घायल; तीन पुलिसकर्मी भी घायल

  •  
  • Publish Date - July 10, 2026 / 01:08 AM IST,
    Updated On - July 10, 2026 / 01:08 AM IST

गुरुग्राम, नौ जुलाई (भाषा) गुरुग्राम पुलिस के साथ बृहस्पतिवार को मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी दीपक नांदल गिरोह के चार बदमाश मारे गए, जबकि एक अन्य घायल हो गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

पुलिस के अनुसार, यह मुठभेड़ बृहस्पतिवार देर शाम सुशांत लोक के ए-ब्लॉक में हुई। आरोप है कि दीपक नांदल गिरोह के पांच बदमाशों ने गुरुग्राम स्थित एसजीटी यूनिवर्सिटी के संस्थापक के बेटे विशाल बेरी को उनके सुशांत लोक स्थित आवास पर बंधक बना लिया था।

पुलिस के अनुसार अपराध शाखा को पुलिस नियंत्रण कक्ष से सूचना मिली थी कि एक वाहन में सवार कुछ हथियारबंद संदिग्ध व्यक्ति इलाके में घूम रहे हैं।

इसने बताया कि जब अपराध शाखा की टीम सुशांत लोक पहुंची, तब तक आरोपी कथित तौर पर अत्याधुनिक हथियारों से व्यवसायी के घर पर गोलीबारी शुरू कर चुके थे।

पुलिस के मुताबिक, उक्त व्यवसायी को विदेश में बैठे एक वांछित गैंगस्टर की ओर से लगातार फिरौती की धमकियां मिल रही थीं।

पुलिस ने बताया कि पुलिस ने बदमाशों को चारों ओर से घेर लिया। इसके बाद हुई मुठभेड़ में चार बदमाश मारे गए, जबकि एक घायल हो गया। गोलीबारी के दौरान तीन पुलिसकर्मियों को भी गोली लगी।

घायल बदमाश और पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।

गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी (अपराध) और डीसीपी (पूर्व) मौके पर पहुंचे।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बेरी और उनके परिवार को सुरक्षित बचा लिया गया है।

भाषा शोभना देवेंद्र

देवेंद्र