रुपया शुरुआती कारोबार में 15 पैसे मजबूत होकर 95.32 प्रति डॉलर पर

Ads

रुपया शुरुआती कारोबार में 15 पैसे मजबूत होकर 95.32 प्रति डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - July 10, 2026 / 09:51 AM IST,
    Updated On - July 10, 2026 / 09:51 AM IST

मुंबई, 10 जुलाई (भाषा) रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में 15 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.32 पर पहुंच गया। अमेरिकी डॉलर के कमजोर रुख और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बावजूद कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से घरेलू मुद्रा को बल मिला।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की बिकवाली और पश्चिम एशिया में तनाव से जुड़ी अनिश्चितताओं का स्थानीय मुद्रा पर दबाव रहा, जबकि घरेलू शेयर बाजारों में दिन की मजबूत शुरुआत से रुपये को समर्थन मिला।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, डॉलर के मुकाबले 95.27 पर खुला। बाद में 95.32 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव से 15 पैसे की बढ़त दर्शाता है।

रुपया बृहस्पतिवार को एक पैसे की बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.47 पर बंद हुआ था।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.25 प्रतिशत की गिरावट के साथ 100.64 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 694.83 अंक चढ़कर 77,423.82 अंक पर जबकि निफ्टी 195.95 अंक की बढ़त के साथ 24,154.85 अंक पर पहुंच गया।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.35 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77.75 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 532.86 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भाषा निहारिका

निहारिका