कोलकाता, 10 जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल सरकार ने तृणमूल कांग्रेस के पिछले 15 वर्ष के शासनकाल के दौरान हुए कथित भ्रष्टाचार और वित्तीय कुप्रबंधन पर एक श्वेत पत्र जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इस संबंध में गठित मंत्रियों के एक उच्चाधिकार प्राप्त समूह (जीओएम) की पहली बैठक बृहस्पतिवार को राज्य सचिवालय ‘नबान्न’ में वित्त मंत्री स्वप्न दासगुप्ता की अध्यक्षता में हुई।
सूत्रों ने बताया कि बैठक में सरकारी धन, विशेष रूप से केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत प्राप्त राशि के कथित हेर-फेर, दुरुपयोग और बर्बादी के मामलों का दस्तावेजीकरण करते हुए एक व्यापक रिपोर्ट तैयार करने का निर्णय लिया गया।
सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित रिपोर्ट में उन मामलों की पहचान की जाएगी जिनमें विशेष योजनाओं के लिए स्वीकृत धनराशि का कथित तौर पर अन्य उद्देश्यों के लिए उपयोग किया गया या राशि खर्च नहीं की जा सकी या उसका दुरुपयोग किया गया।
उन्होंने बताया कि इस कवायद के पूरा होने के बाद एक प्रारंभिक रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) को सौंपी जाएगी, जिसके बाद श्वेत पत्र को अंतिम रूप देकर सार्वजनिक किया जाएगा।
इस बैठक में दासगुप्ता के अलावा मंत्री दिलीप घोष, तापस रॉय, अरूप दास और दीपक बर्मन भी शामिल हुए।
भाषा प्रचेता सिम्मी
सिम्मी