अतीक अहमद के बेटे को ले जा रहे पुलिस वाहनों के पीछे चल रहे 28 वाहनों के मालिकों पर मामला दर्ज

अतीक अहमद के बेटे को ले जा रहे पुलिस वाहनों के पीछे चल रहे 28 वाहनों के मालिकों पर मामला दर्ज

अतीक अहमद के बेटे को ले जा रहे पुलिस वाहनों के पीछे चल रहे 28 वाहनों के मालिकों पर मामला दर्ज
Modified Date: August 10, 2026 / 12:33 am IST
Published Date: August 10, 2026 12:33 am IST

प्रयागराज (उप्र), नौ अगस्त (भाषा) गैंगस्टर से नेता बने दिवंगत अतीक अहमद के बेटे उमर को ले जा रहे पुलिस वाहनों के पीछे कथित रूप से चल रहे 28 वाहनों के मालिकों के खिलाफ टोल नाके का अवरोधक तोड़ने और बिना शुल्क दिए नवाबगंज टोल प्लाजा पार करने के आरोप में रविवार को मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, टोल प्लाजा के सहायक प्रबंधक जय प्रकाश यादव की शिकायत पर अपराह्न करीब डेढ़ बजे प्राथमिकी दर्ज की गयी। पुलिस ने बताया कि वाहनों की पहचान उनके पंजीकरण नंबर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई है। पुलिस के अनुसार, वाहनों में सवार लोगों की पहचान करने और बकाया टोल शुल्क वसूलने के प्रयास किए जा रहे हैं।

शिकायत के अनुसार, घटना शनिवार अपराह्न करीब तीन बजकर 50 मिनट पर हुई, जब उमर को उसके छोटे भाई अबान अहमद के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पुलिस हिरासत में प्रयागराज लाया जा रहा था।

शिकायत में कहा गया है कि उमर को ले जा रहे सरकारी वाहनों के टोल बूथ संख्या-3 से गुजरने के बाद करीब 25 से 30 निजी वाहन उनके पीछे चल पड़े। शिकायत में कहा गया है ये निजी वाहन कथित तौर पर उमर के समर्थकों के थे। आरोप है कि इन वाहनों के चालकों ने ‘बूम बैरियर’ तोड़ दिया और टोल शुल्क का भुगतान किए बिना तेजी से वहां से निकल गए।

टोल प्रबंधन ने बिना शुल्क दिए वाहनों के गुजरने के कारण आर्थिक नुकसान होने का दावा किया है।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस वाहनों और उनमें शामिल लोगों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज तथा वाहन पंजीकरण नंबरों की जांच कर रही है।

भाषा गोला अमित

अमित


लेखक के बारे में