पाकिस्तानी नौसेना के पोत की भारतीय जहाज से टक्कर के बाद पाक के उच्चायोग प्रभारी तलब

पाकिस्तानी नौसेना के पोत की भारतीय जहाज से टक्कर के बाद पाक के उच्चायोग प्रभारी तलब

पाकिस्तानी नौसेना के पोत की भारतीय जहाज से टक्कर के बाद पाक के उच्चायोग प्रभारी तलब
Modified Date: September 16, 2026 / 07:28 pm IST
Published Date: September 16, 2026 7:28 pm IST

नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) अरब सागर में पाकिस्तानी नौसेना के एक पोत द्वारा भारतीय नौसेना के जहाज को टक्कर मारने के ‘‘अस्वीकार्य आचरण’’ के बाद भारत ने पाकिस्तान उच्चायोग के प्रभारी को बुधवार को तलब किया।

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि पाकिस्तान उच्चायोग के प्रभारी साद वराइच को मंत्रालय में तलब किया गया और उनके समक्ष पाकिस्तानी नौसैनिक पोत द्वारा मंगलवार को समुद्र में किए गए उस ‘‘अस्वीकार्य और गैर-पेशेवर आचरण’’ को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया, जिसके कारण टक्कर हुई।

बयान में कहा गया कि पाकिस्तानी राजनयिक से कहा गया है कि वह संबंधित पाकिस्तानी अधिकारियों तक भारत की आपत्ति पहुंचाएं और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी सैन्य इकाइयां नियमों का पूरी तरह पालन करें तथा दोनों देशों के बीच हुए प्रासंगिक समझौतों के प्रावधानों का सम्मान करें।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि 15 सितंबर की शाम अरब सागर में नियमित निगरानी अभियान पर तैनात भारतीय नौसेना के एक अग्रिम पंक्ति के युद्धपोत के पास पाकिस्तान नौसेना का एक पोत तेज गति से पहुंचा।

सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तानी पोत ‘हुनैन’ ने गैर-पेशेवर और असुरक्षित तरीके से संचालन किया, जिसके कारण टक्कर हुई।

सूत्रों ने बताया कि ‘हुनैन’ एक अपतटीय गश्ती पोत है और इस घटना में उसे भारी नुकसान पहुंचा है।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग के प्रभारी को भी पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के समक्ष विरोध दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में हुई इस घटना से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन पाकिस्तानी नौसैनिक पोत का यह आचरण अप्रैल 1991 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए ‘सैन्य अभ्यासों, युद्धाभ्यासों और सैन्य टुकड़ियों की आवाजाही की अग्रिम सूचना’ संबंधी समझौते के अनुच्छेद 10 का सीधे तौर पर उल्लंघन था।’’

भाषा

शफीक सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में