पाकिस्तान ने पहलगाम हमले की कोई कीमत नहीं चुकाई, ‘स्वयंभू विश्वगुरू’ ज्ञान देने में व्यस्त: कांग्रेस

Ads

पाकिस्तान ने पहलगाम हमले की कोई कीमत नहीं चुकाई, 'स्वयंभू विश्वगुरू' ज्ञान देने में व्यस्त: कांग्रेस

  •  
  • Publish Date - February 20, 2026 / 12:15 PM IST,
    Updated On - February 20, 2026 / 12:15 PM IST

नयी दिल्ली, 20 फरवरी (भाषा) कांग्रेस ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के अमेरिका दौरे का हवाला देते हुए शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर यह कटाक्ष किया कि इस्लामाबाद ने पहलगाम आतंकी हमले की कोई कीमत नहीं चुकाई, लेकिन ‘स्वयंभू विश्वगुरू’ ज्ञान देने में व्यस्त है।

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘अमेरिका और पाकिस्तान के बीच रोमांस बिना किसी रुकावट के जारी है। इसका प्रदर्शन कल फिर एक बार वाशिंगटन डीसी में देखने को मिला।’

उन्होंने कहा कि 22 अप्रैल, 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले की साजिश रचने के बावजूद पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अब तक कोई भी कीमत नहीं चुकाई है। उन्होंने कहा कि यह मोदी सरकार की कूटनीति का निराशाजनक पहलू है, जिसे कितनी भी बयानबाज़ी या छवि-सुधार की कोशिशों से मिटाया नहीं जा सकता।

रमेश ने कहा, ‘इस बीच, स्वयंभू “विश्वगुरु” अपने संक्षिप्त शब्दों के ज़रिये दुनिया को ज्ञान देने में व्यस्त हैं और एकजुटता दिखाने के लिए विभिन्न सीईओ से उनका हाथ पकड़ने को कह रहे हैं।’

उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि यही मोदी शासन का ‘मोदी’ यानी ‘मैक्सिमम (अधिकतम), ऑप्टिक्स (दिखावा), डैमेजिंग (नुकसानदेह), इंडिया’ है।

भाषा हक अमित मनीषा

मनीषा