मेंढर/जम्मू, 28 जून (भाषा) जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास रविवार को सेना के जवानों ने 31 वर्षीय एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को पकड़ा । अधिकारियों ने बताया कि इस महीने जिले में इस तरह की यह तीसरी घटना है।
अधिकारियों ने कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के निवासी रईस खान को नियंत्रण रेखा पार कर इस तरफ आने के तुरंत बाद बालाकोट सेक्टर से हिरासत में ले लिया गया।
उन्होंने बताया कि पकड़े गए घुसपैठिए के पास से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई है। अधिकारियों ने बताया कि सीमा पार से उसके इस तरफ आने के मकसद का पता लगाने के लिए उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि भारतीय सीमा में क्या उसका किसी से संपर्क था या वह किसी खास इरादे से आया था।
इस महीने घुसपैठिए को पकड़े जाने की यह तीसरी घटना है।
इस बीच, सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन के कुछ समय के लिए भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने के बाद सुरक्षा बलों ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया।
अधिकारियों ने बताया कि रविवार तड़के नंदपुर गांव के पास एक ड्रोन को मंडराते हुए देखा गया था। इसके बाद सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), सेना और पुलिस ने संयुक्त रूप से जमीन पर सघन तलाशी अभियान चलाया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सीमा पार से हथियारों या मादक पदार्थों को (हवाई मार्ग से) गिराया न गया हो।
उन्होंने बताया कि हालांकि, तलाशी के दौरान कोई भी आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई है।
भाषा सुमित दिलीप
दिलीप