नयी दिल्ली, 27 फरवरी (भाषा) पुलित्जर सेंटर द्वारा समर्थित एक पाकिस्तानी-श्रीलंकाई वृत्तचित्र को जलगांव अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव, 2026 में दो पुरस्कार मिलेंगे।
श्रीलंका में 2024 के आर्थिक संकट के बाद बनाई गई फिल्म ‘डेमोक्रेसी इन डेट: श्रीलंका बियॉन्ड द हेडलाइंस’ को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में आयोजित महोत्सव के दौरान एक मार्च को सर्वश्रेष्ठ सामाजिक फिल्म और सर्वश्रेष्ठ पटकथा पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस वृत्तचित्र का निर्माण पाकिस्तानी पत्रकार और फिल्म निर्माता बीना सरवर ने श्रीलंकाई इतिहासकार और फिल्म निर्माता डॉ. सिन्हा राजा तम्मिता डेलगोडा के सहयोग से किया है। शोधकर्ता उदित देवप्रिया भी इस वृत्तचित्र से संबद्ध हैं।
यह फिल्म लगभग 25 देशों में 80 से अधिक कार्यक्रमों में प्रदर्शित की जा चुकी है।
इस वर्ष जलगांव अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव को 75 देशों से करीब 2,500 प्रविष्टियां प्राप्त हुईं, जिनमें ‘डेमोक्रेसी इन डेट’ सहित 250 फिल्मों को भारत, ईरान, मिस्र, पुर्तगाल और नीदरलैंड के विशेषज्ञों से बनी ‘जूरी’ द्वारा पुरस्कारों के लिए चुना गया।
पुरस्कार समारोह छत्रपति संभाजीनगर में आयोजित किया जाएगा।
स्थानीय कार्यकर्ता मिर्जा दाऊद आजाद फिल्म की टीम की ओर से पुरस्कार प्राप्त करेंगे। विजेताओं को ट्रॉफी, प्रमाण पत्र और महाराष्ट्र की पगड़ी प्रदान की जाएगी।
इस वृत्तचित्र का आधिकारिक रूप से पहला प्रदर्शन जुलाई 2024 में कोलंबो में हुआ।
भाषा तान्या अविनाश
अविनाश