तिरुचिरापल्ली (तमिलनाडु), 13 अप्रैल (भाषा) ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव एडप्पाडी के पलानीस्वामी ने सोमवार को द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) नेता ए राजा के ऑडियो टेप के कथित लीक मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पलानीस्वामी ने चुनावी रैली को संबोधित करते हुए द्रमुक सरकार पर कई मुद्दों को लेकर जमकर हमला बोला और कथित अवैध किडनी बिक्री रैकेट पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि अगर 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों में अन्नाद्रमुक सत्ता में आती है, तो लोकसभा सदस्य राजा से संबंधित मामले में कार्रवाई शुरू की जाएगी।
हाल में सोशल मीडिया पर एक अपुष्ट ऑडियो क्लिप सामने आई है, जिसमें कथित तौर पर राजा ‘2जी स्पेक्ट्रम’ आवंटन घोटाला मामले में विचाराधीन कैदी के रूप में जेल में बिताए समय को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए सुनाई देते हैं। इस मामले में बाद में उन्हें निचली अदालत ने बरी कर दिया था।
पलानीस्वामी ने कथित भ्रष्टाचार को लेकर स्थानीय बाहुबली और नगर प्रशासन मंत्री के.एन. नेहरू पर भी परोक्ष रूप से निशाना साधा और अन्नाद्रमुक के सत्ता में आने पर आरोपों की जांच करने और कार्रवाई करने का वादा किया।
उन्होंने कहा, “ऑडियो में राजा के दावे की विस्तृत जांच की जाएगी। सच्चाई के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जो भी इसमें शामिल होगा, उसे सजा दी जाएगी।”
किडनी रैकेट के संबंध में विपक्ष के नेता ने यह भी कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में लौटती है, तो इस मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पलानीस्वामी ने द्रमुक सरकार पर किडनी की अवैध बिक्री में कथित रूप से शामिल अस्पताल मालिक को गिरफ्तार न करने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, ‘उन्होंने (द्रमुक) सिर्फ दलालों को गिरफ्तार किया है।’
उन्होंने लोगों से अस्पतालों में जाते समय सतर्क रहने की अपील की।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कृषि क्षेत्र में सुधार न करने के लिए द्रमुक सरकार को दोषी ठहराते हुए दावा किया कि अन्नाद्रमुक के सत्ता में रहने के दौरान कृषि क्षेत्र में 5.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी।
उन्होंने कहा, ‘हालांकि, द्रमुक शासन में यह घटकर 3.5 प्रतिशत रह गयी।’
उन्होंने स्टालिन को ‘किसान विरोधी’ भी बताया।
पलानीस्वामी ने कहा कि द्रमुक शासन राज्य में विदेशी निवेश आकर्षित करने में भी ‘विफल’ रहा है।
भाषा
राखी माधव
माधव