कर्नाटक में साल के अंत तक पंचायत चुनाव होंगे: मंत्री खंड्रे

Ads

कर्नाटक में साल के अंत तक पंचायत चुनाव होंगे: मंत्री खंड्रे

  •  
  • Publish Date - June 8, 2026 / 08:36 PM IST,
    Updated On - June 8, 2026 / 08:36 PM IST

बेंगलुरु, आठ जून (भाषा) कर्नाटक के मंत्री ईश्वर खंड्रे ने सोमवार को कहा कि राज्य की सभी पंचायतों के चुनाव इस साल के अंत तक कराने के लिए कदम उठाए जाएंगे।

बेंगलुरु में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन और आरक्षण की प्रक्रिया अगले आठ हफ्तों के भीतर पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद कर्नाटक राज्य निर्वाचन आयोग चुनाव प्रक्रिया शुरू करेगा।

उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि ग्रामीण विकास और पंचायत राज विभाग में 8,770 रिक्त पदों में से 4,000 पदों को भरने के लिए कदम उठाए जाएंगे।

खंड्रे के अनुसार, विभाग में 25,540 स्वीकृत पद हैं, जिनमें से 8,770 रिक्त हैं। इनमें से ग्रुप ए के लिए 268 पद, ग्रुप बी के लिए 1,079 पद, ग्रुप सी के लिए 5,294 पद और ग्रुप डी के लिए 2,129 पद हैं।

राज्य के ग्रामीण विकास और पंचायत राज मंत्री ने कहा कि अधिकारियों को सभी श्रेणियों में 4,000 रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

खंड्रे ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया कर्नाटक लोक सेवा आयोग और कर्नाटक परीक्षा प्राधिकरण के माध्यम से पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित की जाएगी।

मंत्री ने यह भी कहा कि कल्याण कर्नाटक क्षेत्र में ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज विभाग के सभी रिक्त पदों को भरने के निर्देश जारी किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार की अध्यक्षता में तीन जून को हुई कैबिनेट की बैठक में 56,000 सरकारी कर्मचारियों की भर्ती को मंजूरी दी गई।

उन्होंने कहा कि इनमें से आरडीपीआर विभाग को 1,400 पदों को भरने की अनुमति मिली है और इन रिक्तियों के लिए भर्ती प्रक्रिया शीघ्र ही शुरू होगी।

भाषा

राखी दिलीप

दिलीप