ओडिशा के एक गांव में तेंदुए का वीडियो वायरल होने के बाद दहशत का माहौल

Ads

ओडिशा के एक गांव में तेंदुए का वीडियो वायरल होने के बाद दहशत का माहौल

  •  
  • Publish Date - March 22, 2026 / 10:18 PM IST,
    Updated On - March 22, 2026 / 10:18 PM IST

ब्रह्मपुर (ओडिशा), 22 मार्च (भाषा) ओडिशा के गंजाम जिले के पात्रापुर प्रखंड में एक संदिग्ध तेंदुए का पास की पहाड़ी के ऊपर बैठे होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई।

हालांकि, वन अधिकारियों ने कहा कि रविवार को जांच के दौरान उन्हें इलाके में किसी भी तरह के पदचिह्न नहीं मिले और न ही उन्हें किसी तेंदुए के मवेशियों पर हमला करने की कोई खबर मिली।

ग्रामीण जिस जानवर के बारे में बात कर रहे थे, उसका पता लगाने के लिए कैमरा लगाए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि शनिवार दोपहर को सुनाखाला गांव के पास पहाड़ी की चोटी पर खेलते समय बच्चों के एक समूह ने एक जानवर को बैठे हुए देखा। उन्होंने इसका एक वीडियो बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

ब्रह्मपुर के संभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) सनी खोखर ने कहा, ‘सूचना मिलते ही हमारी टीम जांच करने के लिए तुरंत मौके पर पहुंची।’

उन्होंने कहा, ‘जांच के दौरान, उन्हें इलाके में तेंदुए के पदचिह्न नहीं मिले। मवेशियों पर हमले की भी कोई शिकायत नहीं थी।’

वन अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने जंगली जानवर और उसकी गतिविधियों की पहचान करने के लिए इलाके में दो कैमरे लगाए हैं।

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप