नयी दिल्ली, 11 अगस्त (भाषा) उत्तर पश्चिम दिल्ली के राणा प्रताप बाग में एक पुरानी दो मंजिला इमारत की छत के स्लैब के कुछ हिस्से मंगलवार को गिर गए, जिसके बाद पुलिस और नगर निकाय एजेंसियों ने ढांचे का निरीक्षण किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि अपराह्न 3.16 बजे दो मंजिला इमारत गिरने के संबंध में पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को सूचना मिली थी, जिसके बाद एक टीम को घटनास्थल पर भेजा गया।
पुलिस ने कहा कि निरीक्षण के दौरान पाया गया कि इमारत नहीं गिरी थी जैसा कि शुरुआत में बताया गया था, जबकि इमारत के अंदरूनी हिस्से की छत का कुछ हिस्सा गिर गया था।
अधिकारी ने कहा, ‘घटना में कोई घायल नहीं हुआ और जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ। टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (टीपीडीडीएल), दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) और दिल्ली अग्निशमन सेवा की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं और निरीक्षण किया।’
पुलिस के मुताबिक, इमारत का मालिक मॉडल टाउन के डेरावाल नगर निवासी सुनील कपूर है और परिसर में मजदूर रह रहे हैं।
अधिकारी ने कहा, ‘संरचना एक पुरानी इमारत है और इसकी स्थिति को लेकर चिंताएं जताई गई हैं। विस्तृत निरीक्षण और आवश्यक कार्रवाई के लिए मामले को एमसीडी के संज्ञान में लाया गया है।’
मालिक को सभी एहतियाती कदम उठाने और परिसर में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी सलाह दी गई है।
भाषा नोमान
नोमान अमित
अमित