पार्टी महत्वपूर्ण है, मंत्री पद नहीं मिलने पर दिये गए इस्तीफे स्वीकार किये जाएंगे : शिवकुमार

पार्टी महत्वपूर्ण है, मंत्री पद नहीं मिलने पर दिये गए इस्तीफे स्वीकार किये जाएंगे : शिवकुमार

पार्टी महत्वपूर्ण है, मंत्री पद नहीं मिलने पर दिये गए इस्तीफे स्वीकार किये जाएंगे : शिवकुमार
Modified Date: August 4, 2026 / 01:49 pm IST
Published Date: August 4, 2026 1:49 pm IST

बेंगलुरु, चार अगस्त (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने मंत्रिमंडल विस्तार में जगह नहीं मिलने से नाराज विधायकों द्वारा इस्तीफे की धमकी दिये जाने पर कड़ा रुख अपनाते हुए मंगलवार को कहा कि पार्टी अहम है और अगर कोई इस्तीफा देता है, तो उसे कुछ ही मिनटों में स्वीकार कर लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने नाराज विधायकों से धैर्य रखने और अवसर का इंतजार करने की अपील करते हुए कहा कि सरकारी बोर्ड और निगमों में जल्द ही पद भरे जाएंगे।

शिवकुमार ने विधायकों द्वारा इस्तीफ देने की धमकी के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में कहा, ‘‘मुझे जो कहना था, मैंने कह दिया है… राजनीति में इस्तीफे होते रहते हैं। इस्तीफा देने वालों को कोई रोक नहीं सकता। अगर वे पार्टी और अपने भविष्य को चाहते हैं, तो पार्टी जरूरी है। अगर पार्टी है, तो बाकी सब कुछ है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं भी इस्तीफ़ा दे सकता था क्योंकि धर्म सिंह और सिद्धरमैया के मुख्यमंत्री रहते हुए मुझे मंत्री नहीं बनाया गया था। क्या परमेश्वर (उप-मुख्यमंत्री) और मैंने सब्र नहीं रखा? जब वीरेंद्र पाटिल मुख्यमंत्री थे, तब बंगारप्पा, खरगे (अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे)और धर्म सिंह को मंत्री नहीं बनाया गया था। क्या बाद में बंगारप्पा और सिंह मुख्यमंत्री नहीं बने? इंसान को सब्र रखना चाहिए।’’

मुख्यमंत्री ने व्यक्ति से अधिक पार्टी को अहम बताते हुए कहा, ‘‘अगर कोई इस्तीफा देता है, तो मैं कुछ ही मिनटों में उसे स्वीकार कर लूंगा।’’

भाषा धीरज मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में