पीडीपी प्रमुख ने बीएसएफ जवान की मौत की सीबीआई जांच की मांग का समर्थन किया

Ads

पीडीपी प्रमुख ने बीएसएफ जवान की मौत की सीबीआई जांच की मांग का समर्थन किया

  •  
  • Publish Date - March 29, 2026 / 09:40 PM IST,
    Updated On - March 29, 2026 / 09:40 PM IST

कठुआ/जम्मू, 29 मार्च (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने पंजाब में बीएसएफ जवान की मौत की सीबीआई जांच की मांग का रविवार को समर्थन किया।

इस जवान को स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने जम्मू में मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया था।

बीएसएफ कांस्टेबल जसविंदर सिंह को तीन मार्च को मादक पदार्थ से जुड़े एक मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। उनकी मौत 20 मार्च को अमृतसर में हुई थी। उनके परिवार ने सिंह को यातना दिये जाने का आरोप लगाते हुए इस मामले की सीबीआई जांच की मांग की है।

हालांकि एनसीबी ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि जवान को दिल का दौरा पड़ा था और 20 मार्च को अमृतसर के पल्स अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मुफ्ती ने कठुआ जिले में पीडीपी के एक कार्यक्रम के इतर पत्रकारों से कहा, ‘‘परिवार सिंह की मौत के कारणों की सीबीआई जांच चाहता है। वह एक निर्दोष व्यक्ति थे जिन्हें मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में फंसाया गया।’’

सीबीआई जांच की मांग का समर्थन करते हुए मुफ्ती ने कहा कि मादक पदार्थों से संबंधित अपराधों के आरोप का मतलब यह नहीं है कि किसी को यातना देकर मार डाला जाए।

मुफ्ती ने कहा कि उन्हें लगता है कि पुलिस को इस मामले की जांच करनी चाहिए और इस तरह की गलतियां नहीं करनी चाहिए।

भाषा देवेंद्र नरेश

नरेश