हरियाणा के लोगों ने हिप्र सरकार से प्रदेश में प्रवेश शुल्क माफ करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया

Ads

हरियाणा के लोगों ने हिप्र सरकार से प्रदेश में प्रवेश शुल्क माफ करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया

  •  
  • Publish Date - March 30, 2026 / 04:53 PM IST,
    Updated On - March 30, 2026 / 04:53 PM IST

शिमला, 30 मार्च (भाषा) हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा राज्य में प्रवेश शुल्क बढ़ाने के विरोध में हरियाणा के सैकड़ों लोगों ने सोमवार को प्रदर्शन किया और सीमा से पांच किलोमीटर के दायरे में टोल माफ करने की मांग की।

सोलन जिले के बरोटीवाला में प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय नेताओं ने किया, जिन्होंने राज्य सरकार के इस कदम के खिलाफ नारे लगाए।

प्रदर्शन के दौरान, उन्होंने कथित तौर पर कुछ समय के लिए प्रवेश शुल्क माफ करवा दिया।

इसके बाद, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश की पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पहुंची।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हिमाचल प्रदेश से उनके सामाजिक और पारिवारिक संबंध हैं और वे हरिपुर और बाबा बालक नाथ जैसे विभिन्न धार्मिक स्थलों की नियमित यात्रा करते हैं।

उन्होंने कहा कि कर में वृद्धि से लोगों पर, विशेषकर सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वालों पर, अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी मांग पूरी नहीं करती है तो वे अपना आंदोलन तेज करेंगे और सड़क भी जाम कर देंगे।

बाद में, उन्होंने बद्दी तहसीलदार के माध्यम से राज्य सरकार को अपनी मांग के संबंध में एक ज्ञापन सौंपा।

इस बीच, बद्दी तहसीलदार जितेंद्र ठाकुर ने लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी मांग सरकार के समक्ष रखी जाएगी।

भाषा राखी रंजन

रंजन