कर्नाटक के लोगों का कांग्रेस पर विश्वास ही सबसे बड़ी जिम्मेदारी: राहुल
कर्नाटक के लोगों का कांग्रेस पर विश्वास ही सबसे बड़ी जिम्मेदारी: राहुल
नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार और नये मंत्रिपरिषद को बधाई देते हुए कहा कि पार्टी (कांग्रेस) में लोगों का विश्वास ही उसकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ‘गारंटी’ शासन और सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता की नींव बनी हुई है तथा इन ‘गारंटी’ को पूरा किया जाएगा।
राहुल गांधी ने पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया को उनके नेतृत्व और सेवा के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि उनके नेतृत्व वाली सरकार ने ‘‘कर्नाटक को मजबूत किया और लाखों लोगों के जीवन में सुधार किया।’’
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘कर्नाटक के लोगों ने हम पर भरोसा किया और वह भरोसा हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार जी और मंत्रिपरिषद को हार्दिक बधाई, जो कर्नाटक के लोगों की आकांक्षाओं को आगे बढ़ाएंगे।’’
लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा, ‘‘हम कर्नाटक के लोगों की बात सुनते रहेंगे, उनकी सेवा करते रहेंगे।’’
शिवकुमार ने बुधवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ 13 मंत्रियों ने भी शपथ ली, जिनमें जी परमेश्वर उप मुख्यमंत्री बनाए गए हैं।
भाषा हक
हक पवनेश
पवनेश

Facebook


