चंडीगढ़, 23 जून (भाषा) पंजाब के बठिंडा जिले में दो अज्ञात व्यक्तियों ने एक होम्योपैथिक चिकित्सक एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय नेता के क्लीनिक पर पेट्रोल बम फेंका। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
सोमवार रात हुई इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
तरसेम गर्ग का बठिंडा के मेला राम रोड पर एक क्लीनिक है। उनके परिवार ने हाल में आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थामा है।
पैदल आए दो लोगों ने बठिंडा के मेला राम रोड स्थित विशाल नगर में मौजूद क्लीनिक की तरफ पेट्रोल से भरी बोतल को जलाकर फेंक दिया। यह क्लीनिक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के दफ्तर के सामने है।
गर्ग ने बताया कि उन्हें उनके एक कर्मचारी का फोन आया, जिसमें कहा गया कि किसी ने क्लीनिक पर पेट्रोल बम फेंका है।
इस घटना में क्लीनिक के बाहर खड़ा एक स्कूटर आग की लपटों में घिर गया। हालांकि, जब तक गर्ग अपने क्लीनिक पर पहुंचे, तब तक उनके कर्मचारी ने आग बुझा दी थी।
घटना के बाद उप पुलिस महानिरीक्षक हरजीत सिंह और बठिंडा की पुलिस अधीक्षक ज्योति यादव समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।
गर्ग ने कहा कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है।
उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति बोतल फेंकते, जबकि दूसरा व्यक्ति इसका वीडियो बनाते देखा जा सकता है।
पुलिस ने बताया कि इस घटना में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए अलग-अलग टीम बनाई गई हैं।
भाषा
खारी मनीषा
मनीषा