इंजन में आग की आशंका के चलते दिल्ली हवाई अड्डे पर आपातकालीन स्थिति में उतरा विमान

इंजन में आग की आशंका के चलते दिल्ली हवाई अड्डे पर आपातकालीन स्थिति में उतरा विमान

इंजन में आग की आशंका के चलते दिल्ली हवाई अड्डे पर आपातकालीन स्थिति में उतरा विमान
Modified Date: May 22, 2026 / 12:10 am IST
Published Date: May 22, 2026 12:10 am IST

नयी दिल्ली, 21 मई (भाषा) बेंगलुरु से आ रहे एअर इंडिया के एक विमान को इंजन में आग लगने की आशंका के चलते बृहस्पतिवार शाम दिल्ली हवाई अड्डे पर आपातकालीन स्थिति में उतरना पड़ा। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

विमानन कंपनी ने एक बयान में कहा कि चालक दल ने सभी मानक संचालन प्रक्रियाओं का पालन किया और ए320 विमान को दिल्ली हवाई अड्डे पर सुरक्षित रूप से उतार दिया। इसने कहा कि सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं तथा वे सामान्य रूप से विमान से उतर गए।

एआई2802 उड़ान बेंगलुरु से दिल्ली आ रही थी।

बयान में कहा गया, ‘‘दिल्ली में विमान के प्रवेश के दौरान, कॉकपिट में चालक दल के सदस्य को एक इंजन से आग लगने का संकेत मिला।’’

इस संबंध में एक सूत्र ने कहा कि अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि इंजन में आग लगी थी या नहीं।

सूत्रों के अनुसार, विमान में 160 से अधिक लोग सवार थे।

फ्लाइटरडार24 डॉट कॉम पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, विमान रात लगभग 9.30 बजे उतरा।

एअर इंडिया ने कहा कि वह संबंधित नियामक अधिकारियों के समन्वय से घटना के कारणों की पूरी जांच तुरंत शुरू कर रही है।

इसने कहा, ‘‘जैसे ही और सत्यापित जानकारी उपलब्ध होगी, हम उसे साझा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’

भाषा नेत्रपाल

नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में