नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में बस दुर्घटना में हुई लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के लिए 2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की।
सोमवार की सुबह उधमपुर जिले के राम नगर क्षेत्र के कागोर्त गांव के पास एक खतरनाक मोड़ पर चालक के नियंत्रण नहीं रख पाने के कारण यात्री बस पहाड़ी से नीचे लुढ़क गई, जिससे कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई और 29 लोग घायल हो गए।
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में बस दुर्घटना में हुई लोगों की मौत के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।”
उन्होंने कहा, “मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। इस दुखद दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को पीएमएनआरएफ की ओर से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।”
भाषा प्रशांत दिलीप
दिलीप