प्रधानमंत्री ने भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों को बधाई दी
प्रधानमंत्री ने भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों को बधाई दी
नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों को बधाई दी और कहा कि नयी टीम में संगठनात्मक अनुभव, ऊर्जा एवं जमीनी स्तर से जुड़ाव का बेहतर मेल है।
भाजपा ने पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में अपनी नयी राष्ट्रीय टीम की घोषणा की है। इसमें 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं, जिनमें राम माधव, लोकसभा सदस्य डी. पुरंदेश्वरी और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत शामिल हैं।
मोदी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों और पार्टी में विभिन्न जिम्मेदारियां पाने वाले सभी को बधाई। नवनियुक्त टीम में संगठनात्मक अनुभव, ऊर्जा और जमीनी स्तर से जुड़ाव का बेहतर मेल है।’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि नयी टीम भाजपा को मजबूत करने और जनसेवा पर ध्यान केंद्रित करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करेगी। मोदी ने कहा, ‘‘मेरी उन्हें शुभकामनाएं हैं।’’
भाजपा द्वारा जारी सूची के अनुसार, पार्टी ने बी.एल. संतोष को राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बनाए रखा है। वहीं, आठ राष्ट्रीय महासचिवों की टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को शामिल किया है।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है। विनोद तावड़े और सुनील बंसल ही ऐसे दो राष्ट्रीय महासचिव हैं, जिन्हें पार्टी ने अपनी नयी टीम में बरकरार रखा है।
भाजपा ने अलग-अलग राज्यों से 16 राष्ट्रीय सचिवों की अपनी टीम में कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, संदीप पाठक और मनोज तिग्गा समेत कई नये चेहरों को शामिल किया है।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप

Facebook


