प्रधानमंत्री मोदी ने सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले उम्मीदवारों को बधाई दी
प्रधानमंत्री मोदी ने सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले उम्मीदवारों को बधाई दी
नयी दिल्ली, छह मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को सिविल सेवा परीक्षा, 2025 में सफलतापूर्वक उत्तीर्ण होने वाले सभी उम्मीदवारों को बधाई दी और कहा कि उनके समर्पण, दृढ़ता और कड़ी मेहनत ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को संभव बनाया है।
मोदी ने कहा कि जो लोग उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए, उनके लिए यह एक लंबी यात्रा का सिर्फ एक कदम है और आगे कई अवसर मौजूद हैं, भविष्य की परीक्षाओं में भी और उन अनेक क्षेत्रों में भी जिनके माध्यम से वे राष्ट्र के प्रति योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सिविल सेवा परीक्षा 2025 में सफलतापूर्वक उत्तीर्ण होने वाले सभी उम्मीदवारों को हार्दिक बधाई। उनकी लगन, दृढ़ता और कड़ी मेहनत ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को संभव बनाया है। राष्ट्र की सेवा करने और जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के इस नये सफर पर निकलने के लिए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं।’’
मोदी ने कहा कि वह समझते हैं कि जिन लोगों को सिविल सेवा परीक्षा में वांछित परिणाम नहीं मिला है, उनके लिए ऐसे क्षण कठिन हो सकते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, यह तो एक लंबी यात्रा का सिर्फ एक कदम है। आगे कई अवसर आपका इंतजार कर रहे हैं, चाहे वे भविष्य की परीक्षाएं हों या अनेक रास्ते जिनके माध्यम से आप हमारे राष्ट्र के विकास में योगदान दे सकते हैं। आगे के सफर के लिए मेरी शुभकामनाएं।’’
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा शुक्रवार को घोषित सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम में एम्स से स्नातक अनुज अग्निहोत्री ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया है।
राजेश्वरी सुवे एम और अकांश ढुल ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
अग्निहोत्री ने चिकित्सा विज्ञान को वैकल्पिक विषय के रूप में चुनकर परीक्षा में सफलता हासिल की। उन्होंने राजस्थान के जोधपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एआईआईएमएस) से एमबीबीएस (बैचलर ऑफ मेडिसिन एंड बैचलर ऑफ सर्जरी) की उपाधि प्राप्त की है।
चेन्नई के अन्ना विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग (ईईई) में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग (बीई) की डिग्री प्राप्त करने वाली राजेश्वरी ने समाजशास्त्र को अपने वैकल्पिक विषय के रूप में चुनकर दूसरा स्थान हासिल किया। दिल्ली विश्वविद्यालय से वाणिज्य स्नातक (बीकॉम) की उपाधि प्राप्त करने वाले अकांश ने वाणिज्य और लेखाशास्त्र को अपने वैकल्पिक विषय के रूप में चुनकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
आयोग ने बताया कि कुल 958 उम्मीदवारों (659 पुरुष और 299 महिलाएं) ने परीक्षा में सफलता हासिल की है और उन्हें विभिन्न केंद्रीय सिविल सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया है।
भाषा
देवेंद्र माधव
माधव

Facebook


