नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को ओडिशा के लोगों को ‘उत्कल दिवस’ की शुभकामनाएं दीं और कहा कि राज्य को सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महानता के शाश्वत प्रतीक होने का गौरव प्राप्त है।
उत्कल दिवस को ओडिशा स्थापना दिवस के रूप में भी जाना जाता है। यह 1936 में राज्य के गठन की याद में एक अप्रैल को मनाया जाता है।
मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘उत्कल दिवस के विशेष अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। ओडिशा एक ऐसा राज्य है जो सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महानता के शाश्वत प्रतीक के रूप में गौरवान्वित है। ओडिया संगीत, कला और साहित्य ने भारत को अनगिनत तरीकों से समृद्ध किया है।’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि अपने दृढ़ संकल्प, सादगी और गर्मजोशी के लिए पहचाने जाने वाले ओडिशा के लोगों ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘आने वाले समय में ओडिशा प्रगति की नयी ऊंचाइयों को छूता रहे।’’
भाषा गोला सुरभि
सुरभि