मोदी ने बैसाखी, पुथंडु, महा बिशुबा पणा संक्रांति पर लोगों को शुभकामनाएं दीं

Ads

मोदी ने बैसाखी, पुथंडु, महा बिशुबा पणा संक्रांति पर लोगों को शुभकामनाएं दीं

  •  
  • Publish Date - April 14, 2026 / 10:46 AM IST,
    Updated On - April 14, 2026 / 10:46 AM IST

नयी दिल्ली, 14 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को बैसाखी, पुथंडु और महा बिशुबा पाना संक्रांति के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं और कामना की कि यह विशेष दिन समाज में एकजुटता की भावना को और मजबूत करे तथा सभी के जीवन में शांति, खुशी और समृद्धि लाए।

मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अंग्रेजी, गुरुमुखी, तमिल और उड़िया में अलग-अलग संदेश साझा करके शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा, ‘‘बैसाखी के शुभ अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह जीवंत पर्व कृतज्ञता, नवोन्मेष और आशा की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा, ‘‘इस दिन हमारे किसानों की कड़ी मेहनत का जश्न मनाया जाता है जिनके समर्पण से हमारे देश को भोजन मिलता है।’’

उन्होंने कहा कि बैसाखी का गहरा आध्यात्मिक महत्व भी है क्योंकि यह श्री गुरु गोबिंद सिंह द्वारा खालसा पंथ की स्थापना को भी दर्शाता है।

मोदी ने कहा कि पूज्य सिख गुरुओं की शिक्षाएं बेहतर समाज के निर्माण के सामूहिक प्रयासों के लिए सभी को लगातार प्रेरित करती हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘यह पर्व सभी के जीवन में खुशी, समृद्धि और नयी ऊर्जा लाए।’’

प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु के लोगों को पुथंडु की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह सभी के लिए खुशियों, सफलता और अच्छे स्वास्थ्य से भरे वर्ष की कामना करते हैं।

उन्होंने कहा कि यह विशेष दिन आशा एवं नयी शुरुआत का उत्सव है तथा तमिल संस्कृति की महानता का सम्मान करने का अवसर भी है।

मोदी ने कहा कि साहित्य, संगीत, कला, दर्शन और भक्ति की समृद्ध तमिल विरासत दुनिया भर के लोगों को लगातार प्रेरित करती है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह विशेष दिन हमारे समाज में एकजुटता की भावना को और मजबूत करे। महान तमिल संस्कृति से प्रेरणा लेकर हम सफलता की नयी ऊंचाइयों को छुएं तथा प्रकृति के साथ अपने जुड़ाव को भी और गहरा करें।’’

प्रधानमंत्री ने ओडिशा के लोगों को महा बिशुबा पाना संक्रांति के अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह विशेष अवसर मौसम में बदलाव, भक्ति और सौहार्द के मूल्यों को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह ओडिशा की समृद्ध परंपराओं का भी प्रतीक है।

मोदी ने कहा, ‘‘मैं कामना करता हूं जो यह वर्ष असीम अवसरों और सफलताओं से भरा हो। यह शुभ दिन सभी के जीवन में शांति, खुशी और समृद्धि लाए। यह पर्व एकजुटता को और गहरा करे तथा हमारे समाज को जोड़ने वाली भावनाओं को मजबूत बनाए।’’

भाषा

सिम्मी अमित

अमित