प्रधानमंत्री ने सिक्किम में रोड शो किया, राज्य स्थापना दिवस पर कार्यक्रम में शामिल होंगे

प्रधानमंत्री ने सिक्किम में रोड शो किया, राज्य स्थापना दिवस पर कार्यक्रम में शामिल होंगे

प्रधानमंत्री ने सिक्किम में रोड शो किया, राज्य स्थापना दिवस पर कार्यक्रम में शामिल होंगे
Modified Date: April 27, 2026 / 08:19 pm IST
Published Date: April 27, 2026 8:19 pm IST

(तस्वीरों के साथ)

गंगटोक, 27 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार शाम सिक्किम की राजधानी गंगटोक में एक विशाल रोड शो का नेतृत्व किया।

सिक्किम राज्य की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मोदी सिक्किम पहुंचे।

लेपचा कोट और पारंपरिक भूटिया टोपी पहने मोदी का लिबिंग हेलीपैड पर राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर और मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने स्वागत किया।

हेलीपैड से प्रधानमंत्री ने रोड शो शुरू किया, जो लोक भवन में समाप्त हुआ, जहां वह रात्रि प्रवास करेंगे।

खुली गाड़ी में मोदी के बाईं ओर मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग और दाईं ओर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डी.आर. थापा बैठे थे।

प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए सड़कों पर भारी भीड़ उमड़ी और लोग राष्ट्रीय ध्वज लहरा रहे थे। जैसे ही प्रधानमंत्री का काफिला पहुंचा, लोग जश्न मनाने लगे और उत्सव का माहौल बन गया।

कुछ उत्साही समर्थकों ने ‘मोदी, मोदी, मोदी’ के नारे लगाए, जबकि कुछ महिलाओं को उनकी ओर फूलों की पंखुड़ियां बरसाते हुए देखा गया।

रोड शो के मार्ग को सजाया गया था, कई जगहों पर मेहराबदार द्वार बनाए गए थे और सड़कों के किनारे प्रधानमंत्री के बड़े-बड़े कटआउट लगाए गए थे।

मंगलवार को मोदी गंगटोक स्थित ‘ऑर्किडेरियम’ का दौरा करेंगे। राज्य की पारिस्थितिकी और पुष्प विरासत को प्रदर्शित करने के लिए सिक्किम राज्य स्थापना की स्वर्ण जयंती पर एक विश्व स्तरीय ‘ऑर्किड अनुभव केंद्र’ के रूप में ‘स्वर्ण जयंती मैत्री मंजरी पार्क’ विकसित किया गया है।

मोदी पालजोर स्टेडियम में सिक्किम राज्य की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने से जुड़े समारोह के समापन कार्यक्रम में भाग लेने के साथ 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का अनावरण भी करेंगे।

ये परियोजनाएं अवसंरचना, संपर्क, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, बिजली, शहरी विकास, पर्यावरण, पर्यटन और कृषि सहित कई क्षेत्रों से संबंधित हैं। इस अवसर पर मोदी एक सभा को संबोधित भी करेंगे।

पिछले वर्ष सिक्किम की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में वार्षिक कार्यक्रमों के उद्घाटन समारोह में उन्हें उपस्थित होना था, लेकिन खराब मौसम के कारण वह कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंच सके थे। हालांकि, उन्होंने पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभा को संबोधित किया था।

तमांग ने बाद में राज्य की राजधानी में एक घंटे के रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत करने के लिए जनता का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘अत्यंत उत्साह और उमंग के साथ सिक्किम की जनता ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का गंगटोक पहुंचने पर भव्य और जोरदार स्वागत किया।’’

तमांग ने कहा कि समाज के हर वर्ग के लोग बड़ी संख्या में उनका स्वागत करने के लिए एकत्रित हुए, जो सिक्किम के लोगों द्वारा उनके नेतृत्व के प्रति गहरे सम्मान और स्नेह को दर्शाता है।

भाषा संतोष वैभव

वैभव


लेखक के बारे में