प्रधानमंत्री, मंत्रियों ने भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों को बधाई दी

प्रधानमंत्री, मंत्रियों ने भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों को बधाई दी

प्रधानमंत्री, मंत्रियों ने भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों को बधाई दी
Modified Date: August 17, 2026 / 07:51 pm IST
Published Date: August 17, 2026 7:51 pm IST

नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों को बधाई दी और कहा कि नयी टीम में संगठनात्मक अनुभव, ऊर्जा एवं जमीनी स्तर से जुड़ाव का बेहतर मेल है।

राजनाथ सिंह, अमित शाह, जेपी नड्डा, नितिन गडकरी और किरेन रीजीजू समेत केंद्रीय मंत्रिमंडल के सहयोगियों ने भी टीम को बधाई दी।

भाजपा ने पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में अपनी नयी राष्ट्रीय टीम की घोषणा की है। इसमें 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं, जिनमें राम माधव, लोकसभा सदस्य डी. पुरंदेश्वरी और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत शामिल हैं।

मोदी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों और पार्टी में विभिन्न जिम्मेदारियां पाने वाले सभी नेताओं को बधाई। नवनियुक्त टीम में संगठनात्मक अनुभव, ऊर्जा और जमीनी स्तर से जुड़ाव का बेहतर मेल है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि नयी टीम भाजपा को मजबूत करने और जनसेवा पर ध्यान केंद्रित करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करेगी। मोदी ने कहा, ‘‘मेरी उन्हें शुभकामनाएं हैं।’’

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि नयी टीम संगठन को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और जनसेवा तथा गरीबों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध रहेगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि नयी टीम नयी ऊर्जा और उत्साह के साथ विकसित भारत के निर्माण की दिशा में पूरी लगन और समर्पण से काम करेगी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विश्वास जताया कि नयी टीम ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को हर व्यक्ति तक पहुंचाएगी।

शाह ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘भाजपा के सभी नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई। मुझे पूरा विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जी के नेतृत्व में नयी टीम संगठन को और मजबूत एवं विस्तारित करने, ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को हर व्यक्ति तक पहुंचाने और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए पूरी ऊर्जा के साथ काम करेगी।’’

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा पार्टी के पूर्व अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने कहा कि मोदी और नवीन के मार्गदर्शन में नयी टीम भाजपा को नयी ऊंचाइयों तक ले जाएगी।

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि यह ऊर्जावान टीम नयी ऊर्जा का संचार करेगी, संगठन को हर स्तर पर मजबूत करेगी और ‘विकसित भारत’ के दृष्टिकोण को साकार करने में सार्थक योगदान देगी।’’

केंद्रीय शिक्षा, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि नयी टीम अनुभव, ऊर्जा और संगठन के प्रति गहरी प्रतिबद्धता के साथ भाजपा में नयी ताकत और गति लेकर आई है।

केंद्रीय मंत्रियों शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल, सर्वानंद सोनोवाल, वीरेंद्र कुमार, गिरिराज सिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया, किरेन रीजीजू और अन्नपूर्णा देवी समेत अन्य नेताओं ने भी नयी टीम को बधाई दी और पार्टी को मजबूत करने के लिए उन्हें सफलता की शुभकामनाएं दीं।

भाजपा अध्यक्ष ने अपनी नयी टीम को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि समर्पित कार्यकर्ता की भावना के साथ प्रत्येक सदस्य संगठन को और मजबूत करेगा तथा ‘विकसित भारत’ के संकल्प और राष्ट्र निर्माण की प्रतिबद्धता को नयी ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

भाजपा द्वारा जारी सूची के अनुसार, पार्टी ने बी.एल. संतोष को राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बनाए रखा है। वहीं, आठ राष्ट्रीय महासचिवों की टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को शामिल किया है।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है। विनोद तावड़े और सुनील बंसल ही ऐसे दो राष्ट्रीय महासचिव हैं, जिन्हें पार्टी ने अपनी नयी टीम में बरकरार रखा है।

भाजपा ने अलग-अलग राज्यों से 16 राष्ट्रीय सचिवों की अपनी टीम में कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, संदीप पाठक और मनोज तिग्गा समेत कई नये चेहरों को शामिल किया है।

पार्टी ने अमित मालवीय की जगह दीपक म्हस्के को अपना सोशल मीडिया प्रमुख नियुक्त किया है।

भाषा आशीष वैभव

वैभव


लेखक के बारे में