प्रधानमंत्री ने अमेरिका के साथ व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर कर ‘‘देश के साथ विश्वासघात’’ किया : राहुल

प्रधानमंत्री ने अमेरिका के साथ व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर कर ‘‘देश के साथ विश्वासघात’’ किया : राहुल

प्रधानमंत्री ने अमेरिका के साथ व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर कर ‘‘देश के साथ विश्वासघात’’ किया : राहुल
Modified Date: March 7, 2026 / 07:30 pm IST
Published Date: March 7, 2026 7:30 pm IST

तिरुवनंतपुरम, सात मार्च (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अमेरिका के साथ व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर कर ‘‘देश के साथ विश्वासघात’’ किया है।

इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि इस समझौते से भारत के किसानों और छोटे व्यवसायों को नुकसान होगा।

वह केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीशन के नेतृत्व में राज्यव्यापी ‘पुथुयुग यात्रा’ के समापन समारोह का उद्घाटन करने के बाद बोल रहे थे।

गांधी ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने देश को निराश किया है। उन्होंने देश के साथ विश्वासघात किया है। मेरा मानना ​​है कि प्रधानमंत्री ने अमेरिकी समझौते पर हस्ताक्षर कर देश के साथ विश्वासघात किया है।’’

उन्होंने दावा किया कि इस समझौते के परिणाम आम लोगों, जिनमें किसान और छोटे व्यवसायी शामिल हैं, को भुगतने पड़ेंगे।

गांधी ने कहा, ‘‘इससे पहले किसी भी प्रधानमंत्री ने भारतीय कृषि को अमेरिकी कृषि के लिए नहीं खोला।’’ उन्होंने दावा किया कि अब बड़ी, मशीनीकृत अमेरिकी कंपनियां छोटे भारतीय किसानों के साथ प्रतिस्पर्धा करेंगी, जिससे देश के कृषि क्षेत्र में ‘तबाही’ मच जाएगी।

उन्होंने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में समझौता किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इशारों पर चलते हैं, ठीक उसी तरह, केरल के मुख्यमंत्री भी मोदी के इशारों पर चलते हैं।

गांधी ने अपने भाषण के दौरान क्रिकेटर संजू सैमसन का भी जिक्र किया और कहा कि उन्हें यह जानकर अच्छा लगा कि स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज तिरुवनंतपुरम के हैं।

केरल विधानसभा चुनावों की तैयारियों के तहत पार्टी द्वारा 30 दिन पहले शुरू की गई यह यात्रा राज्य के सभी जिलों से गुजरी।

इस कार्यक्रम में एआईसीसी और राज्य इकाई के नेता भी मौजूद थे। इन नेताओं में सचिन पायलट और दीपा दासमुंशी शामिल हैं।

इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, सतीशन ने यात्रा को अपने राजनीतिक जीवन का सबसे अनमोल अनुभव बताया।

उन्होंने कहा कि संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने इस यात्रा के दौरान राज्य सरकार के खिलाफ ‘आरोपपत्र’ पेश किया है।

सतीशन ने कहा कि यूडीएफ सुशासन पर आधारित और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से एक ‘‘नव-केरल मॉडल’’ पेश करेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘केरल सरकार के सचिवालय को देश में सबसे कुशल बनाया जाएगा।’’ उन्होंने जनता के प्रति जवाबदेही और स्वास्थ्य, शिक्षा एवं रोजगार जैसे क्षेत्रों में सुधार का भी वादा किया। उन्होंने कहा कि गरीबों की समस्याओं के समाधान के लिए भी परियोजनाएं चलाई जाएंगी।

सतीशन ने विश्वास व्यक्त किया कि यूडीएफ आगामी विधानसभा चुनावों में सत्ता में वापसी करेगा और उसे 100 से अधिक सीट मिलेंगी।

भाषा अविनाश दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में