प्रधानमंत्री मोदी ने मध्यप्रदेश के धार में पहली रेल सेवा को हरी झंडी दिखाई
प्रधानमंत्री मोदी ने मध्यप्रदेश के धार में पहली रेल सेवा को हरी झंडी दिखाई
धार, आठ सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात के वडोदरा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान वडोदरा और मध्यप्रदेश के धार जिले के टांडा रोड के बीच नयी मेमू ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाई। इसके साथ ही मध्यप्रदेश का आदिवासी बहुल धार जिला देश की आजादी के आठ दशक बाद रेल नेटवर्क से जुड़ गया।
वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने वडोदरा-रतलाम के बीच तीसरी और चौथी रेल लाइन की आधारशिला भी रखी।
एक अधिकारी ने कहा कि धार जिले के लोगों को अब टांडा रोड से प्रताप नगर तक आसानी से ट्रेन उपलब्ध हो जाएगी। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद पहली बार आज रेलवे के नक्शे पर धार जिले का नाम दर्ज हो गया है।
इस मौके पर टांडा रोड में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, अलिराजपुर से विधायक नागर सिंह चौहान और कई अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
ठाकुर ने कहा कि टांडा से चलने वाली नयी रेल सेवा मध्यप्रदेश और गुजरात को दो सेतुओं के माध्यम से जोड़ेगी।
उन्होंने कहा, “आदिवासी भाई-बहनों, किसानों और पूरे अंचल के लिए यह एक बड़ी सौगात है। हमारे आदिवासी अंचल के लोगों ने वर्षों पहले जो सपना देखा था, वह आज साकार हो रहा है।”
ठाकुर ने कहा कि इस रेल सेवा से क्षेत्र का विकास होगा, किसानों, महिलाओं एवं युवाओं के लिए सफर आसान बनेगा, नये उद्योग आएंगे और रोजगार के अवसर खुलेंगे।
रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि वडोदरा के प्रतापनगर और धार के टांडा रोड स्टेशन के बीच 12 डिब्बों वाली मेमू ट्रेन का संचालन दैनिक आधार पर किया जाएगा।
भाषा
सं ब्रजेन्द्र पारुल
पारुल

Facebook


