(फाइल फोटो के साथ जारी)
नयी दिल्ली, 25 सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ पहल की सफलता का उल्लेख करते हुए शुक्रवार को कहा कि बुनियादी ढांचे के निर्माण, उद्यमिता और नवोन्मेष से देश को आगे बढ़ने एवं समृद्ध होने में मदद मिलती है।
भारत को विनिर्माण, डिजाइन और नवोन्मेष का वैश्विक केंद्र बनाने के उद्देश्य से ‘मेक इन इंडिया’ कार्यक्रम 25 सितंबर 2014 को शुरू किया गया था।
मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत में अधिक उत्पादन। भारत में अधिक निवेश। भारत से अधिक निर्यात। विभिन्न क्षेत्रों में बदलाव साफ दिखाई दे रहा है। ‘मेक इन इंडिया’ का उद्देश्य ऐसा बुनियादी ढांचा तैयार करना, उद्यमिता को बढ़ावा देना और नवोन्मेष को प्रोत्साहित करना है, जिससे भारत आगे बढ़े और समृद्ध हो।’’
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें सेमीकंडक्टर उद्योग, एयरोस्पेस, रेल इंजन और रेल डिब्बों के निर्माण, पोत निर्माण, मेट्रो नेटवर्क, वाहन उद्योग, औषधि, सौर ऊर्जा और मोबाइल फोन निर्माण समेत विभिन्न क्षेत्रों में भारत की उपलब्धियों को दिखाया गया है।
‘मेक इन इंडिया’ पहल का उद्देश्य निवेश को आसान बनाना, नवोन्मेष को बढ़ावा देना और विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा विकसित करना है। पिछले कुछ वर्षों में ‘मेक इन इंडिया’ ने भारत की विनिर्माण यात्रा में कारोबारियों और निवेशकों की भागीदारी के लिए नए अवसर खोले हैं। बाद में इस पहल का विस्तार ‘मेक इन इंडिया 2.0’ के तहत किया गया। अब इसका ध्यान 27 क्षेत्रों पर है, जिनमें विनिर्माण के 15 और सेवा क्षेत्र के 12 क्षेत्र शामिल हैं।
भाषा
सिम्मी मनीषा
मनीषा