नयी दिल्ली, 24 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के नेता राम माधव के अमेरिका में दिए एक बयान को लेकर शुक्रवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत की संप्रभुता अमेरिका को सौंप दी है।
पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ने पद पर बने रहने का अधिकार खो दिया है।
वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट को रिपोस्ट किया, जिसके मुताबिक, अमेरिका के ‘हडसन इंस्टीट्यूट’ के एक कार्यक्रम में माधव ने कहा था, ‘‘भारत, ईरान से तेल खरीदना बंद करने पर सहमत हो गया, अपने विपक्ष की आलोचना के बावजूद हम रूस से तेल खरीदना बंद करने पर सहमत हो गए, भारत ने बिना अधिक कुछ कहे 50 फीसद टैरिफ पर भी सहमति दे दी, तो फिर भारत ने अमेरिका के साथ मिलकर काम करने के लिए कहां पर्याप्त कोशिश नहीं कर रहा है।’’
बाद में माधव ने माफी मांग ली और कहा कि उनकी तरफ से गलत तथ्य रखा गया था।
वेणुगोपाल ने दावा किया कि आरएसएस के एक वरिष्ठ नेता की स्पष्ट स्वीकारोक्ति है कि प्रधानमंत्री मोदी वाशिंगटन के इशारों पर काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘एक समय था जब अमेरिका का सातवां बेड़ा बंगाल की खाड़ी में था और भारत ने हिम्मत नहीं हारी। आज का दिन है, जहां एक समझौतावादी प्रधानमंत्री ने भारत की संप्रभुता अमेरिका को सौंप दी है।’’
वेणुगोपाल के अनुसार, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पूरा विपक्ष यही बात कहता रहा है।
उन्होंने दावा किया कि विश्व मंच पर भारत ने अपनी स्वतंत्र आवाज खो दी है।
वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘इस आत्मसमर्पण के बाद यह साफ हो गया है कि नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री बने रहने का अधिकार खो दिया है।’’
भाषा हक
देवेंद्र धीरज
धीरज