वाराणसी पहुंचे मोदी ने जनता को दिया कामकाज का हिसाब, पिछली सरकारों पर इस तरह बोला हमला
वाराणसी पहुंचे मोदी ने जनता को दिया कामकाज का हिसाब, पिछली सरकारों पर इस तरह बोला हमला
वाराणसी। अपने जन्मदिन पर अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दूसरे दिन मंगलवार को अपने काम का हिसाब दिया। उन्होंने एक जनसभा में बोलते हुए कहा कि वाराणसी में 550 करोड़ रुपये से ज्यादा के प्रोजेक्ट्स का या तो लोकार्पण हुआ है या फिर शिलान्यास हुआ है। पीएम ने पिछली सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा, ‘आप तो उस व्यवस्था के गवाह रहे हैं जब हमारी काशी को भोले के भरोसे, अपने हाल पर छोड़ दिया गया था।‘
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं भी गिनाईं। उन्होंने वाराणसी में सड़क, रेल, गैस, एलईडी, वायुसेवा के लिए किए गए कार्यों का ब्योरा दिया। उन्होंने बताया कि विकास कार्य सिर्फ वाराणसी शहर में ही नहीं बल्कि आसपास के गांवों में भी हो रहे हैं। वाराणसी में अनेक सड़क परियोजनाएं हैं जारी हैं तो मडुआडीह फ्लाइओवर का काम पूरा हो चुका है। गंगा पर घाट पुल का पूरा हो गया है जिससे रामनगर आना-जाना आसान हुआ है। कई दशकों से अटके अंधरा पुल को चौड़ा करने का काम भी पूरा किया गया है।
यह भी पढ़ें : इसरो की एक और उपलब्धि, इंग्लैंड के दो सैटेलाइट को किया लॉन्च
उन्होंने कहा कि ‘ फाइलों में दबे रिंग रोड के काम को 2014 में हमने शुरु किया तो पूर्ववर्ती यूपी सरकार ने काम में तेजी नहीं आने दी। योगी सरकार के आने के बाद तेजी से काम हुआ।‘ बिहार, नेपाल–झारखंड, मध्य प्रदेश को जोड़ने वाली सड़कें चौड़ी हो रही हैं। नेशनल हाइवे 7 के जरिए वाराणसी से सुलतानपुर, गोरखपुर, हंडिया सड़क संपर्क के लिए 1000 करोड़ रुपए तय किए। उन्होंने कहा कि पूर्वी भारत के गेटवे के तौर पर वाराणसी का विकास किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आपने भले मुझे पीएम पद का दायित्व दिया हो। लेकिन मैं एक सांसद के नाते भी अपने काम का हिसाब देने के लिए जिम्मेदार हूं। आज मैंने 4 साल में एक सांसद के रूप अपने काम की एक छोटी सी झलक दिखाई है। मैं मानता हूं कि जनप्रतिनिधि के नाते, आपके सेवक के नाते, आप मेरे मालिक हैं, आप मेरे हाइकमान हैं, इसलिए पाई-पाई, पल-पल का हिसाब देना मेरा दायित्व है’। उन्होंने कहा कि यहां हो रहे विकास के गवाह, एयरपोर्ट पर आने वाले लोग भी बन रहे हैं। हवाई जहाज से वाराणसी आने वाले लोगों और टूरिस्टों की संख्या में निरंतर बढ़ोतरी हो रही है।
यह भी पढ़ें : बाबा रामदेव का बयान- सरकार स्वीकृति दे तो 35-40 रुपए प्रति लीटर बेचेंगे पेट्रोल-डीजल
उन्होंने कहा कि रेल से काशी आने वालों को अब स्टेशन पर ही नई काशी की तस्वीर नजर आती है। इसके अलावा कई ट्रैक की डबलिंग का भी काम चल रहा है। उन्होंने स्वच्छता अभियान पर कहा कि काशी ने स्वच्छता के मामले में परिवर्तन देखा है, गलियों, घाटों, सड़कों पर स्वच्छता अब स्थायी हो चुकी है। जापान के पीएम शिंज आबे समेत कई विदेशी नेताओं ने वाराणसी की तारीफ की है, जापान ने तो काशी को कन्वेंशन सेंटर को तोहफा भी दिया है।
वेब डेस्क, IBC24

Facebook


