नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईएनजीसीए) के न्यासियों से मुलाकात की तथा देश की विविध संस्कृति को और अधिक लोकप्रिय बनाने से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
बैठक के दौरान, प्रधानमंत्री और आईएनजीसीए के न्यासियों ने इस कवायद में अधिक लोगों को शामिल करने, डिजिटल और जमीनी स्तर की पहल के माध्यम से पहुंच को मजबूत करने के तरीकों पर भी विचार-विमर्श किया।
प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आईएनजीसीए के न्यासियों से मुलाकात की और भारत की विविध संस्कृति को और अधिक लोकप्रिय बनाने से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।’’
मोदी ने पोस्ट में कहा, ‘‘हमने इस यात्रा में अधिक लोगों को शामिल करने, डिजिटल और जमीनी स्तर की पहल के माध्यम से पहुंच को मजबूत करने और हमारी समृद्ध विरासत को संरक्षित और बढ़ावा देने में कलाकारों और विद्वानों का समर्थन करने के तरीके भी तलाशे।’’
आईजीएनसीए के न्यासियों में इसके अध्यक्ष राम बहादुर राय और सदस्य सोनल मानसिंह, वासुदेव कामथ, आर विनय झा, हर्षवर्द्धन नेवतिया, पी. सुब्रमण्यम, सरयू वी. दोशी और प्रसून जोशी सहित अन्य शामिल हैं।
आईएनजीसीए के प्रमुख उद्देश्यों में विभिन्न कलाओं, विशेष रूप से लिखित, मौखिक और दृश्य स्रोत सामग्रियों के लिए एक प्रमुख संसाधन केंद्र के रूप में कार्य करना, कला और मानविकी से संबंधित संदर्भ कार्यों, शब्दावलियों, शब्दकोशों और विश्वकोशों के अनुसंधान और प्रकाशन कार्यक्रमों को संचालित करना शामिल है।
भाषा सुभाष माधव
माधव