नयी दिल्ली, 21 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को आदि गुरु शंकराचार्य की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनके गहन उपदेश, विचार तथा ‘अद्वैत वेदांत’ का दर्शन दुनिया भर में आज भी अनगिनत लोगों का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
मोदी ने कहा कि आदि गुरु शंकराचार्य ने समरसता, अनुशासन और समस्त अस्तित्व की एकता पर जोर दिया था। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक चिंतन को नया जीवन देने और देशभर में आध्यात्मिक केंद्र स्थापित करने के उनके प्रयास स्थायी प्रेरणा बने हुए हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत के महानतम आध्यात्मिक गुरुओं में शामिल आदि शंकराचार्य की जयंती के पावन अवसर पर मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उनके गहन उपदेश, विचार और अद्वैत वेदांत का दर्शन विश्व भर में अनगिनत लोगों का मार्गदर्शन करते आ रहे हैं।’’
मोदी ने कहा, ‘‘उनकी ज्ञान-ज्योति हमारे पथ को निरंतर आलोकित करती रहे और सत्य, करुणा तथा सामूहिक कल्याण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करे।’’
भाषा
सिम्मी मनीषा
मनीषा