प्रधानमंत्री मोदी आज मांड्या में गुरु भैरवैक्य मंदिर का उद्घाटन करेंगे

प्रधानमंत्री मोदी आज मांड्या में गुरु भैरवैक्य मंदिर का उद्घाटन करेंगे

प्रधानमंत्री मोदी आज मांड्या में गुरु भैरवैक्य मंदिर का उद्घाटन करेंगे
Modified Date: April 15, 2026 / 09:34 am IST
Published Date: April 15, 2026 9:34 am IST

बेंगलुरु, 15 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को कर्नाटक के दौरे पर जाएंगे, जहां वह मांड्या जिले में स्थित आदिचुंचनगिरि मठ के गुरु भैरवैक्य मंदिर का उद्घाटन करेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री सुबह 10 बजकर पांच मिनट पर बेंगलुरु के एचएएल हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। वहां मुख्यमंत्री सिद्धरमैया उनका स्वागत करेंगे।

इसके बाद प्रधानमंत्री एमआई-17 हेलीकॉप्टर से मांड्या के लिए रवाना होंगे, जहां उनके सुबह 10 बजकर 50 मिनट पर पहुंचने की संभावना है।

वह पूर्वाह्न 11 बजे श्री क्षेत्र आदिचुंचनगिरि पहुंचेंगे और दोपहर 12 बजे श्री गुरु भैरवैक्य मंदिर के उद्घाटन कार्यक्रम में भाग लेंगे।

यह मंदिर पूज्य संत श्री बालगंगाधरनाथ महास्वामी की स्मृति में बनाया गया एक स्मारक है, जो श्री आदिचुंचनगिरि महासंस्थान मठ के 71वें पीठाधीश्वर थे।

प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, ‘‘द्रविड़ स्थापत्य शैली में निर्मित यह मंदिर दिवंगत संत के जीवन और विरासत को श्रद्धांजलि देने के रूप में स्थापित किया गया है। यह मंदिर केवल श्रद्धा का केंद्र ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी होगा।’’

बयान में कहा गया है कि मोदी, पूर्व प्रधानमंत्री और जनता दल (सेक्युलर) प्रमुख एच डी देवेगौड़ा के साथ मिलकर ‘‘सौंदर्य लहरी और शिव महिम्न स्तोत्र’’ नामक पुस्तक का विमोचन भी करेंगे।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री सभा को संबोधित भी करेंगे।

कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री दोपहर को हेलीकॉप्टर से मांड्या से रवाना होंगे और बेंगलुरु के एचएएल हवाई अड्डे पहुंचकर आगे की यात्रा करेंगे।

भाषा गोला शोभना

शोभना


लेखक के बारे में