प्रधानमंत्री को बंगाल के प्रति प्रेम जताने से पहले बकाया केंद्रीय कोष जारी करने चाहिए: अभिषेक बनर्जी

प्रधानमंत्री को बंगाल के प्रति प्रेम जताने से पहले बकाया केंद्रीय कोष जारी करने चाहिए: अभिषेक बनर्जी

प्रधानमंत्री को बंगाल के प्रति प्रेम जताने से पहले बकाया केंद्रीय कोष जारी करने चाहिए: अभिषेक बनर्जी
Modified Date: April 19, 2026 / 08:00 pm IST
Published Date: April 19, 2026 8:00 pm IST

कोलकाता, 19 अप्रैल (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से आग्रह किया कि वह पश्चिम बंगाल के लोगों के प्रति अपना प्रेम जताने से पहले राज्य के लंबित दो लाख करोड़ रुपये के केंद्रीय बकाया का भुगतान करें।

दक्षिण 24 परगना जिले के सागर द्वीप पर एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए अभिषेक ने यह भी कहा कि ‘‘मोदी की गारंटी’’ का मतलब ‘‘शून्य गारंटी’’ है, जबकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपने वादे पर खरी उतरती हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं माननीय प्रधानमंत्री से पूरे सम्मान के साथ निवेदन कर रहा हूं, कृपया प्रधानमंत्री पद के अनुरूप बोलें। मैं आपके दीर्घायु होने की कामना करता हूं। कृपया बंगाल के लिए बकाया दो लाख करोड़ रुपये की राशि भेजने में सहायता करें, जिसे आप पिछले कुछ वर्षों में जारी करने में विफल रहे हैं।’’

बनर्जी ने दावा किया कि ‘‘गुजरात के लोग’’ बंगाल के लोगों को जेल में डालने की धमकी दे रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं मोदी और (अमित) शाह से कहना चाहता हूं कि केंद्रीय बल और एजेंसियों का इस्तेमाल करें, लेकिन आपकी योजना और साजिश जनता के सामने उजागर हो चुकी है। चार मई को (चुनाव) परिणाम का इंतजार करें।’’

पूर्वी मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम में एक अन्य सभा में अभिषेक बनर्जी ने कहा कि मोदी ने दावा किया है कि तृणमूल कांग्रेस गुंडों से भरी हुई है, जिन्हें या तो 29 अप्रैल तक आत्मसमर्पण कर देना चाहिए या उसके बाद गिरफ्तारी का सामना करना पड़ेगा।

अभिषेक बनर्जी ने कहा, ‘‘मैं उनसे (मोदी) कहना चाहता हूं कि तृणमूल कांग्रेस में गुंडे नहीं हैं और उन्हें अपनी पार्टी को देखना चाहिए। सबसे बड़े गुंडे भाजपा में हैं, और मोदीजी के तर्क के अनुसार, पश्चिम बंगाल में उनकी पार्टी के आधे लोग जेल में होने चाहिए।’’

भाषा शफीक रंजन

रंजन


लेखक के बारे में